7 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दिल्ली के सीमापुरी में 3 मंजिला इमारत ढही, मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Delhi Seemapuri Building Collapse: दिल्ली के सीमापुरी इलाके में 3 मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने दो बच्चों को मलबे से बाहर निकाला, जबकि दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
2 min read
Google source verification
Delhi Building Collapse

दिल्ली के सीमापुरी में 3 मंजिला इमारत ढही, फोटो सोर्स- ANI

Delhi Building Collapse: दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को एक 3 मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इमारत के मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

दो बच्चों को मलबे से बाहर निकाला

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इमारत गिरने के बाद मलबे में कुछ लोग दब गए थे। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए मलबे में फंसे दो बच्चों को बाहर निकाल लिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने बचाव अभियान को आगे बढ़ाया।

25 गज की जमीन पर बना था मकान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह इमारत करीब 25 गज जमीन पर बनी हुई थी। भवन के निचले हिस्से में दुकानें थीं, जबकि उसके ऊपर चार मंजिल का मकान बना हुआ था। अचानक इमारत के गिरने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

3:15 बजे मिली बिल्डिंग गिरने की सूचना

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली फायर कंट्रोल रूम को दोपहर करीब 3 बजकर 15 मिनट पर इमारत गिरने की सूचना मिली थी। कॉल मिलते ही दमकल विभाग की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दिल्ली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित करते हुए राहत-बचाव कार्य में जुट गई।

सीमापुरी में ट्रैफिक प्रभावित, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

इमारत गिरने की घटना के बाद सीमापुरी गोल चक्कर और डीएलएफ भोपुरा के आसपास यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। स्थिति को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे फिलहाल इस इलाके में जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

रेस्क्यू वाहनों के लिए रास्ता खाली रखने की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से कहा है कि घटनास्थल के आसपास भीड़ न जुटाएं और सड़क किनारे वाहन खड़े न करें, ताकि एंबुलेंस, दमकल की गाड़ियों और अन्य राहत एवं बचाव वाहनों को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे मौके पर तैनात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और राहत अभियान को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग करें।

बड़ी खबरें

View All

नई दिल्ली

दिल्ली न्यूज़

ट्रेंडिंग