
2019 में सत्ता में वापस आने के लिए महिलाओं को आगे बढ़कर आना होगा : मनोज तिवारी
नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित सम्मेलन में दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने शनिवार को महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सिविक सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि 2019 की लोकसभा चुनाव में महिलाओं की महती भूमिका होगी। इसके लिए उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ लोगों के बीच जाना होगा और उन्हें सरकार के कार्यों और उपलब्धियों के बारे में जन-जन को बताना होगा।
महिलाओं पर सरकार का विशेष ध्यान
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार का महिलाओं पर विशेष ध्यान है। वह महिलाओं को अधिकार देने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने अपने मंत्रिमंडल में भी कई विभाग महिलाओं को सौंपे हैं। उनमें विदेश एवं रक्षा सहित कई अहम मंत्रालय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की सुकन्या योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी दो सशक्त योजनाएं सिर्फ महिला सशक्तीकरण के लिए है, जो सामाजिक परिवर्तन के लिए भी काम कर रही है। इन योजनाओं के बारे में महिलाओं को बताना होगा। सरकार गांव-गांव में शौचालय एवं रसोई गैस को पहुंचाकर महिला स्वास्थ्य सुधार की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही है।
प्रदेश प्रभारी भी इस मौके पर थे मौजूद
इस मौके पर प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू भी मौजूद थे। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार, स्वरोजगार एवं शिक्षा के लिए लगातार कल्याणकारी कदम उठाए हैं। इस मौके पर महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शारदा ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में संगठन की ओर से दिए गए प्रत्येक दायित्व को निभाने में दिल्ली की कार्यकर्ता तैयार हैं। इतना ही नहीं वह इसके लिए भी तैयार हैं कि प्रदेश नेतृत्व उन्हें जो भी भूमिका सौंपेगा वह उस पर अमल कर दिखाएंगी और राज्य के कोने-कोने तक पार्टी के कार्यों और उपलब्धियों को पहुंचाएंगी।
Published on:
04 Aug 2018 09:30 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
