
AI Generated Weather Image
Monsoon in Delhi-NCR: दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून ने धमाकेदार एंट्री की है। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक लगातार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली में मॉनसून सक्रिय हो चुका है। इसके साथ ही आगामी दो दिन दिल्ली में भारी बारिश की संभावना है। जबकि 23 से 27 जून तक दिल्ली में बारिश और गरज-चमक का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।
हालांकि पूरी दिल्ली को कवर करने में अभी तीन दिन लग सकते हैं। इसके साथ ही एनसीआर में भी मॉनसून की बारिश शुरू होने वाली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 23 जून से हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह, रोहतक, सोनीपत, रेवाड़ी, झज्जर, पानीपत, पलवल, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, जींद, करनाल समेत यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, हापुड़, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर समेत राजस्थान के भरतपुर और अलवर में भी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हवाएं भी तेज चलेंगी, जिससे तापमान में थोड़ी कमी आएगी। सोमवार को भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। 22 और 23 जून को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक जाने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली में पिछले 14 सालों के विश्लेषण से पता चला है कि मॉनसून की एंट्री पर सामान्य से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की जाती है। हालांकि कभी-कभी भारी बारिश भी होती है। दिल्ली में मॉनसून पहुंचने की वैसे तो औसत तारीख 27 जून है, लेकिन इस बार मॉनसून अपने समय से पहले पहुंचा है।
24 से 27 जून के बीच भी दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंच सकता है। राहत की बात यह है कि दिल्ली में फिलहाल हीटवेव का कोई अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक कृष्ण कुमार मिश्रा ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि दिल्ली में पिछले साल 28 जून को मॉनसून ने एंट्री ली थी।
उस दौरान एक ही दिन में 228.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जब एक सप्ताह तक उच्च तापमान के साथ मौसम शुष्क रहता है तो शुष्क वायु द्रव्यमान नम वायु द्रव्यमान के साथ संपर्क बनाता है। इसके बाद मॉनसून के साथ भयंकर तूफान आने की संभावना रहती है। इस बाद मौसम लचीला रहा है। ऐसे में मॉनसून की एंट्री पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना न के बराबर है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 14 सालों में दूसरी बार मॉनसून अपने तय समय से पहले दिल्ली में एंट्री ले रहा है। इससे पहले साल 2024 में दिल्ली में मॉनसून की एंट्री 28 जून को हुई थी। जबकि साल 2023 में 25 जून, साल 2022 में 30 जून, साल 2021 में 13 जुलाई, साल 2020 में 25 जून को मॉनसून की दिल्ली में एंट्री हुई थी। इसके अलावा साल 2019 में 5 जुलाई, साल 2018 में 28 जून, साल 2017 में 2 जुलाई, साल 2016 में 2 जुलाई, साल 2015 में 25 जून, साल 2014 में 3 जुलाई, साल 2013 में 16 जून, साल 2012 में 7 जुलाई और साल 2011 में 8 जुलाई को दिल्ली में मॉनसून की एंट्री हुई थी।
इस दौरान साल 2022 में मॉनसून की एंट्री पर 117.2 मिमी यानी भारी बारिश हुई थी। जबकि साल 2024 में 228.1 मिमी यानी बहुत भारी बारिश के साथ मॉनसून आया था। मौसम वैज्ञानिक कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि दिल्ली में शनिवार को बेस स्टेशन सफदरजंग और आया नगर में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम पांच बजे तक 100 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि इसी अवधि के दौरान पुष्प विहार में 11.5 मिमी, पिल्लम और लोधी रोड में इससे भी कम बारिश दर्ज की गई। अब रविवार और सोमवार को भी दिल्ली में मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो मध्य पाकिस्तान से पूर्वोत्तर असम तक फैली एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका मॉनसून की गति में सहायक साबित हो रही है। यह द्रोणिका उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर एक चक्रवाती परिसंचरण और दक्षिण-पश्चिम बिहार पर कम दबाव से जुड़े एक चक्रवाती परिसंचरण से होकर गुजरती है। इसी के चलते शनिवार को दिल्ली में बारिश का माहौल तैयार हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी अरब सागर के बचे हुए हिस्सों, राजस्थान के कुछ और हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बचे हुए हिस्सों, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत जम्मू-कश्मीर, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद के कुछ हिस्सों और लद्दाख के कुछ और हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थितियां बन रही हैं।
इसके चलते दिल्ली के पड़ोसी राज्य पंजाब और हरियाणा में भी मौसम की स्थिति बिगड़ने की आशंका है। हरियाणा में 23 से 27 जून तक भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
संबंधित विषय:
Updated on:
23 Jun 2025, 1:31 PM IST
Published on:
22 Jun 2025, 3:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.