
परिसीमन पर राहुल गांधी और स्टालिन आमने-सामने, फोटो सोर्स- ANI
Rahul Gandhi and MK Stalin: लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर सियासी घमासान के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्वीट का डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने रिप्लाई दिया है जो चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के वरिष्ठ नेताओं के चेन्नई पहुंचकर स्टालिन से मुलाकात करने के बीच परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी एकजुटता की कोशिशें तेज हो गई हैं। राहुल गांधी ने इससे पहले स्टालिन से प्रस्तावित परिसीमन संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील की थी।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि INDIA ब्लॉक के वरिष्ठ नेता उनके साथ चेन्नई जा रहे हैं और वे स्टालिन से मुलाकात कर डीएमके से परिसीमन संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने का आग्रह करेंगे। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा की सीटों को बढ़ाकर 850 किए जाने से भारत में लोकतंत्र को नुकसान पहुंचेगा और इससे BJP-RSS को चुनावी नक्शे को अपने पक्ष में बदलने का मौका मिल सकता है।
राहुल गांधी की अपील के बाद एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया पर उन्हें जवाब दिया। स्टालिन ने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि वह संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए उनका धन्यवाद करते हैं।
स्टालिन ने कहा कि डीएमके ने हमेशा हर फैसले में तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखा है। उन्होंने साफ किया कि पार्टी इस रास्ते पर समझौता नहीं करेगी। स्टालिन ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्हें भरोसा है कि इतिहास उन्हें 'कट्टाबोम्मन' के रूप में याद करेगा, 'एट्टप्पन' के रूप में नहीं।
दरअसल, केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन पैकेज में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 तक करने का प्रावधान है। इसके साथ ही महिला आरक्षण को भी परिसीमन से जोड़ने की तैयारी है। प्रस्ताव को लेकर दक्षिणी राज्यों में यह चिंता रही है कि आबादी के आधार पर सीटों के पुनर्वितरण से उन राज्यों का संसद में मौजूदा राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है। राहुल गांधी इसी मुद्दे को लेकर लगातार सरकार पर निशाना साध रहे हैं। उनका तर्क है कि 850 सीटों तक विस्तार का इस्तेमाल चुनावी सीमाओं को इस तरह बदलने के लिए किया जा सकता है, जिससे सत्तारूढ़ BJP-RSS को राजनीतिक फायदा मिले।
हालांकि इस पूरे विवाद में DMK का रुख अहम है। डीएमके ने हाल ही में संशोधित परिसीमन विधेयकों का समर्थन करने का फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि उसके जिन दो प्रमुख मुद्दों को लेकर पहले विरोध था, उन्हें नए प्रस्ताव में शामिल कर लिया गया है।
डीएमके के मुताबिक तमिलनाडु की लोकसभा में मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के अनुपात को अगले 25 वर्षों तक बनाए रखा जाना चाहिए। पार्टी का दावा है कि नए प्रस्ताव के तहत तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर 59 हो सकती हैं, जबकि राज्य की हिस्सेदारी करीब 7.21 प्रतिशत रहेगी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
29 Nov 2026, 12:32 PM IST
Published on:
29 Nov 2026, 12:32 PM IST
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़




