नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो प्रबंधन ने रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को एक बिशेष तोहफा देने की तैयारी की थी और दावा किया था कि रविवार को ट्रेनों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त स्टाफ को तैनात किया जाएगा। लेकिन इन सबके बीच रविवार की सुबह डीएमआरसी के सारे दावे धरे के धरे रह गए। गुरुग्राम के एमजी रोड मेट्रो स्टेशन पर एक मेट्रो में तकनीकी खराबी आ गई और करीब एक घंटे से भी अधिक समय तक सेवा बाधित रही। इस दौरान सैंकड़ों यात्री परेशान रहे और मेट्रो स्टेशनों पर भीड़ बढ़ती चली गई। हालांकि करीब एक घंटे बाद तकनीकी दिक्कत को दूर कर लिया गया और फिर से मेट्रो सेवा बहाल हो गई। लेकिन मेट्रो प्रबंधन के व्यवस्था पर सवाल जरुर खडे हुए हैं।