
नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज खेलने के लिए बीसीसीआई को राजी नहीं कर पाने पर शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को लताड़ लगाई। अकरम ने कहा कि ऐसा लगता है कि आईसीसी के पास भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने के लिए राजी करने की शक्ति ही नहीं है।
अकरम ने कहा यह बहुत दुर्भाग्य की बात है
अपने समय में स्विंग के सुल्तान कहे जाने वाले अकरम ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्य की बात है कि पाकिस्तान और भारतीय क्रिकेट टीम के युवा खिलाड़ी एक-दूसरे के साथ मैच खेल पाने में सक्षम नहीं हैं। 51 वर्षीय अकरम ने भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय श्रृंखला की पहल में असफल होने के लिए आईसीसी की आलोचना की। अकरम का मानना है कि इस मुद्दे को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए।
राजनीति और खेल को एक-दूसरे से अलग रखना चाहिए
'जियो टीवी' को दिए एक बयान में अकरम ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि आईसीसी के पास बीसीसीआई को राजी करने का अधिकार है, लेकिन मैं एक बार फिर इस बात को दोहराना चाहता हूं लोगों से लोगों का संपर्क बेहद जरूरी होता है। राजनीति और खेल को एक-दूसरे से अलग रखना चाहिए।"अकरम ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच का मैच, इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज से कहीं अधिक रोमांचक होता है।
छह द्विपक्षीय सीरीज खेलने की स्वीकृति दी थी
अपने करियर में 356 वनडे मैचों में 502 विकेट लेने वाले अकरम ने कहा कि एशेज सीरीज को करीब दो करोड़ लोग देखते हैं, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले किसी भी मैच को अरब लोग देखते हैं। बीसीसीआई ने साल 2014 में पाकिस्तान के साथ 2015 से 2023 तक छह द्विपक्षीय सीरीज खेलने के लिए अपनी स्वीकृति दी थी, जिसमें से चार सीरीज का आयोजन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा किया जाना था। हालांकि, दोनों देशों की सीमाओं पर तनाव व राजनीति परेशानियों के कारण बीसीसीआई ने पाकिस्तान के साथ किसी भी प्रकार की सीरीज खेलने से इनकार कर दिया है।
इस साल आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ था, जिसमें सरफराज अहमद की टीम ने विराट कोहली की टीम को 180 रनों से मात दी थी।
Updated on:
11 Nov 2017, 10:27 AM IST
Published on:
11 Nov 2017, 10:21 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.