नई दिल्ली। साइबर सुरक्षा का खतरा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। जहां एक और भारत सरकार देश को डिजिटल बनाने पर जोर दे रही है वहीं दूसरी और देश के महत्वपूर्ण संस्थान के वेबसाइट ही सुरक्षित नहीं है। इसी क्रम में शुक्रवार को राजधानी दिल्ली स्थित दिल्ली विश्वविद्यालय के महाराजा अग्रसेन कॉलेज की वेबसाइट हैक कर ली गई है। अब तक की जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी हैकर्स ने कॉलेज के वेबसाइट को हैक की है। पाकिस्तानी हैकर्स ने वेबसाइट को हैक करने के बाद उसपर पत्थरबाजों की तस्वीर डाल दी। इसके अलावा वेबसाइट पर पाकिस्तान जिन्दाबाद भी लिखा। हैकर्स ने वेबसाइट पर कश्मीर के पत्थरबाजों की फोटो लगाई और लिखा, 'मुस्लिमों को मारना बंद करो। कश्मीर को सही हक दें। आपके क्रेडिट वार्ड और बैंक सुरक्षित नहीं है। हमारा सामना करने के लिए तैयार हो जाओ।' बता दें कि मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली के महाराजा अग्रसेन कॉलेज की वेबसाइट हैक कर उस पर आपत्तिजनक चीजें शेयर की गई हैं। गौरतलब है कि दो वर्ष पहले महाराजा अग्रसेन कॉलेज को विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों के बीच सबसे अच्छा शैक्षिक वातावरण बनाने की दिशा में अपने अच्छे व्यवहार के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से सबसे अच्छा कॉलेज के अवार्ड से सम्मानित किया गया था।