
Dussehra School Holidays 2026 (representative image) image credit Magnific
Dussehra Holiday List 2026: शारदीय नवरात्रि शुरू होते ही बच्चों को दशहरा और विजयादशमी की छुट्टियों का इंतजार रहता है। इस दौरान देश के अलग-अलग राज्यों में त्योहारों की रौनक देखने को मिलती है। कहीं दुर्गा पूजा के भव्य पंडाल सजाए जाते हैं, तो कहीं गरबा, रामलीला और रावण दहन के कार्यक्रम होते हैं। त्योहारों के इस मौसम में स्कूलों में भी छुट्टियां रहती हैं। ऐसे में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावक भी जानना चाहते हैं कि उनके राज्य में स्कूल कब से बंद रहेंगे और दोबारा कब खुलेंगे। हालांकि, छुट्टियों की तारीख हर राज्य और स्कूल में अलग हो सकती है। यह राज्य के शिक्षा विभाग और स्कूल के छुट्टी कैलेंडर पर निर्भर करता है। आइए जानते हैं कि राजस्थान से लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार तक दशहरे पर स्कूलों में कब से कब तक छुट्टियां रह सकती हैं।
राजस्थान में शिविरा पंचांग और शिक्षा विभाग के कैलेंडर के अनुसार, कुछ स्कूलों में 18 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक अवकाश बताया गया है। इस दौरान दशहरा और आसपास के त्योहारों की छुट्टियां शामिल हो सकती हैं। हालांकि, छुट्टियों की सही तारीख के लिए विद्यार्थियों को अपने स्कूल का कैलेंडर देखना चाहिए।
दिल्ली, हरियाणा और एनसीआर में भी दशहरे के आसपास स्कूल बंद रह सकते हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, 18 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक छुट्टियां हो सकती हैं। वहीं, कुछ स्कूलों के कैलेंडर में 17 से 19 अक्टूबर तक ऑटम ब्रेक की छुट्टियां दी गई हैं। इसके बाद 20 अक्टूबर को दशहरे का अवकाश हो सकता है। सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टियों की तारीख अलग-अलग हो सकती है। ऐसे में अभिभावकों को दिल्ली शिक्षा निदेशालय की छुट्टी सूची या अपने स्कूल की ओर से जारी सूचना देखनी चाहिए।
उत्तर प्रदेश के कुछ स्कूल कैलेंडर के मुताबिक, 18 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक दशहरे की छुट्टियां हो सकती हैं। इस शेड्यूल के हिसाब से स्कूल 26 अक्टूबर से खुल सकते हैं। हालांकि, विद्यार्थियों को छुट्टियों की सही तारीख के लिए अपने स्कूल की ओर से जारी सूचना देखनी चाहिए।
झारखंड में उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक स्कूलों में तीन दिन की छुट्टी हो सकती है। इस दौरान महानवमी और दशहरे से जुड़े त्योहार पड़ते हैं।
बिहार के छुट्टी कैलेंडर से जुड़ी जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक स्कूल बंद रह सकते हैं। इस तरह विद्यार्थियों को दशहरे के आसपास पांच दिन की छुट्टी मिल सकती है। हालांकि, अंतिम तारीखों के लिए स्कूल का आधिकारिक कैलेंडर देखना चाहिए।
ओडिशा के कुछ प्रकाशित छुट्टी कैलेंडर में 17 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक स्कूलों में अवकाश बताया गया है। इस दौरान दुर्गा पूजा और दशहरे से जुड़े त्योहार मनाए जाएंगे। स्कूल कब दोबारा खुलेंगे, इसकी पुष्टि संबंधित स्कूल या शिक्षा विभाग की ओर से जारी सूचना से करनी चाहिए।
पंजाब में 20 अक्टूबर 2026 को दशहरे की छुट्टी रहेगी। हालांकि, छुट्टी की सही जानकारी के लिए अपने स्कूल का कैलेंडर जरूर देख लें।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और मंडी को छोड़कर बाकी जिलों में 20 अक्टूबर 2026 को दशहरे की एक दिन की छुट्टी रहेगी। वहीं, कुल्लू और मंडी में स्कूल 18 से 23 अक्टूबर तक बंद रहेंगे। यहां दशहरे के खास आयोजनों के चलते बच्चों को छह दिन की छुट्टी मिलेगी।
दशहरा और दुर्गा पूजा के दौरान स्कूलों में छुट्टियों की तारीखें राज्य, जिले और स्कूल के हिसाब से अलग हो सकती हैं। सरकारी, निजी, सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों का छुट्टी कैलेंडर भी अलग हो सकता है। यहां दी गई राज्यवार तारीखें 16 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध जानकारी पर आधारित हैं। इन्हें सभी स्कूलों की पक्की छुट्टियां न मानें। स्कूल की ओर से जारी छुट्टी का नोटिस जरूर देख लें।
Updated on:
16 Oct 2026 03:23 pm
Published on:
16 Oct 2026 03:23 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
