
बांसवाड़ा . अंडर19 वीमेन क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए तैयार किया गया मैदान।
शक्ति रूपा की आराधना के लिए मनाए जाने वाले नवरात्र में भारत की बेटियां खेलों में अपनी शक्ति दिखाने को तैयार हैं। फिर चाहें देश की धरती हो या विदेशी धरा बेटियों ने कमर कस ली है। यूएई की धरती पर टी 20 महिला विश्वकप में शुक्रवार से भारत की बेटियां क्रिकेट में दम दिखाएंगी। इसी के संग बांसवाड़ा में भी प्रदेश की 800 बेटियां लेदर बॉल क्रिकेट में धूम धड़ाके लिए तैयार हैं। बांसवाड़ा में 4 से 10 अक्टूबर तक होने वाली 68वीं राज्य स्तरीय छात्रा अंडर 19 क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों से तकरीबन 800 खिलाड़ी हिस्सा लेने के लिए पहुंच चुके हैं।
शुभारंभ आज, तैयारियां पूरी
प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार होगा। शिक्षा विभाग की ओर से तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उपजिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा बापूलाल माली ने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम शुक्रवार को सुबह साढ़े नौ बजे होगा। इसमें मुख्य अतिथि जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी रहेंगे। जबकि अध्यक्षता संयुक्त निदेशक आरएससीईआरटी शंभूलाल नायक करेंगे।
10-10 ओवर के होंगे मैच, नॉक आउट होगी स्पर्धा
इस स्पर्धा के तहत सभी मैच 10-10 ओवर नॉक आउट मुकाबले होंगे। यानी मैच हारने के साथ ही टीम स्पर्धा से बाहर हो जाएगी। स्पर्धा के तहत मैच के शहर के चार खेल मैदानों में आयोजित कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त इन खिलाडिय़ों के ठहरने के लिए विभाग की ओर से 54 स्थानों पर व्यवस्था की गई है। साथ ही चार स्थानों को रिजर्व रखा गया है ।
बांसवाड़ा की बेटियां खेलेंगी 6 अक्टूबर को
4 अक्टूबर के तहत खेले जाने वाले इस मुकाबले में बांसवाड़ा का मैच 6 अक्टूबर को होने की संभावना है। पहले दो दिनों में 36 टीमों के बीच 18 मैच खेलें जाएंगे।
इन मैदानों में होंगे मैच
- एमएसबी मैदान
- लियो स्कूल मैदान
- हरिदेव जोशी क्रिकेट स्टेडियम
- नूतन खेल मैदान
प्रत्येक जिले 20 लोग पहुंच बांसवाड़ा
स्पर्धा में टीम को लेकर प्रत्येक जिले से तकरीबन 20 लोग बांसवाड़ा पहुंचे हैं। इसमें 16 खिलाड़ी, एक दलाधिपति, एक दल प्रभारी, एक कोच और एक चतुर्थश्रेणी कर्मचारी शामिल हैं।
आज 16 टीमें खेलेंगी मैच
स्पर्धा कें नियंत्रण कक्ष प्रभारी विनोद पानेरी ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत शुक्रवार 8 मैच निर्धारित किए गए हैं। इनमें 16 टीम हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के तहत पहला मैच बाड़मेर और झालावाड़ के बीच खेला जाएगा। वहीं, 5 अक्टूबर को होने वाले 10 मैचों में 20 टीमें हिस्सा लेंगी।
Updated on:
4 Oct 2024, 11:22 AM IST
Published on:
4 Oct 2024, 11:22 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.