
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
नोएडा। प्रदूषण और ठंड के कारण तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को काबू में करने के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने अब किसी भी समारोह में शामिल होने वालों की संख्या अधिकतम 100 तक सीमित कर दी है। यह जानकारी जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने दी। उन्होंने बताया कि शासन के इस आदेश का सख्ती से पालन किया जाएगा। इतना ही नहीं, अन्य दूसरे मांगलिक कार्यक्रमों में भी अब अधिकतम 100 लोग ही भाग ले सकेंगे। साथ ही शादी समारोह में बैंड-बाजा, आतिशाबाजी व घोड़ी-बग्गी पर सवार होकर दूल्हे की चढ़त पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। जिसके चलते दूल्हा बिना चढ़त के ही सीधे आयोजन स्थल पर पहुंचेंगा।
दरअसल, डीएम सुहास एलवाई ने जिले के निवासियों से कहा है कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण मद्देनज़र शासन ने अब किसी भी समारोह, शादी एवं अन्य कार्यक्रमों में 100 से ज्यादा व्यक्ति के शामिल होने पर पाबंदी लगा दी है। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार के समारोहों, शादी विवाह तथा अन्य कार्यक्रमों, आउटडोर एवं इनडोर कार्यक्रमों में 100 से ज्यादा व्यक्ति भाग नहीं ले सकेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार के इस आदेश का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने इस बाबत संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने अफसरों से कहा है कि वे अपने अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले सभी प्रकार के समारोह शादी विवाह एवं अन्य कार्यक्रमों में यह सुनिश्चित करें कि किसी भी कार्यक्रम में 100 से ज्यादा व्यक्ति भाग न ले सकें। डीएम ने शासन के इस आदेश के बाबत आमजन को जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
Published on:
22 Nov 2020, 9:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.