
नोएडा। अगामी 2019 लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं लोगों के मन में बार-बार सवाल भी उठ रहा है कि आखिर देश का नया प्रधानमंत्री कौन बनेगा। कारण, विपक्षी पार्टियों ने भाजपा को हराने के लिए महागठबंधन करने का मूड बना लिया है।
वहीं सपा और बसपा गठबंधन के कारण ही भाजपा को फूलपुर और गौरखपुर में हुए उपचुनाव हार का सामना करना पड़ा। वहीं कैराना और नूरपुर में भी बसपा ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा। जिसका फायदा सपा को मिला। इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भी पीएम बनाने के लिए पार्टी द्वारा कड़ी मेहनत की जा रही है।
इस बीच ज्योतिषाचार्यों ने भी 2019 लोकसभा चुनाव और नए प्रधानमंत्री को लेकर भविष्यवाणी की है और बताया है कि आखिर 2019 के आम चुनावों में ताज किसके सिर सजेगा। आचार्य कृष्णकांत मिश्रा ने भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगर कुंडली की बात करें तो उनकी वृश्चिक राशि की है और उनकी कुंडली में कुंडली में चन्द्रमा की महादशा में बुध का अंतर चल रहा है। जो कि 3 मार्च 2019 तक रहेगी।
इसके बाद उनकी कुंडली में केतु का आना होगा और यह पीएम मोदी के लिए भाग्य बदलने वाला साबित हो सकता है क्योंकि वृश्चिक लग्न वाली कुंडली में केतु लाभकारी होता है। तो यह कहा जा सकता है कि मार्च के शुरूआत से ही पीएम मोदी के अच्छे दिन शुरू हो जाएंगे। जिसका फायदा उन्हें 2019 लोकसभा चुनाव में होगा। इसका फायदा यह होगा कि नरेंद्र मोदी एक बार फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे।
देश के सबसे बड़े ज्योतिषाचार्य भी कर चुके घोषणा
बता दें कि अखिल भारतीय ज्योतिष संघ के अध्यक्ष ज्योतिषाचार्य अरुण बंसल ने नोएडा आने पर भविष्यवाणी करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर शनि की साढ़े साती चल रही है, जो उनके लिए बेहद लाभकारी है। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा भी किया कि 2019 में होने वाले आम चुनाव में नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे।
Published on:
11 Aug 2018, 5:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.