
महिला का पासपोर्ट वेरिफिकेशन करने के बाद पुलिसकर्मी ने कर दी आपत्तिजनक डिमांड, मचा हड़कंप
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक पुलिस कर्मी ने एक महिला जर्नलिस्ट का पासपोर्ट वेरिफिकेशन करने के बाद उससे अजीबो-गरीब डिमांड कर दी। पुलिसकर्मी ने महिला से कहा कि मैंने आपका पासपोर्ट वेरिफाई कर दिया है, अब आप मुझे गले लगा लीजिए। पुलिसकर्मी की इस हरकत से महिला पत्रकार सकते में है।
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके का है। दरअसल महिला पत्रकार एक जाने माने मीडिया हाउस से जुड़ी हैं। उन्होंने गाजियाबाद के पुलिसकर्मी देवेंद्र सिंह की इस बचकानी हरकत की शिकायत पासपोर्ट ऑफिस में की है। साथ ही उन्होंने ट्विटर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गाजियाबाद पुलिस, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और गृह मंत्री राजनाथ सिंह को टैग करते हुए पुलिसकर्मी देवेंद्र सिंह की पूरी कारस्तानी बयां की है।
महिला पत्रकार ने लिखा है कि उनके पासपोर्ट वेरिफिकेशन के दौरान पुलिसकर्मी ने जिस तरह अश्लील कमेंट करते हुए बचकानी हरकत की, उसकी इस हरकत ने महिला सुरक्षा पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि कैमरे के सामने महिला पत्रकार ने कुछ कहने से साफ मना कर दिया, लेकिन ट्विटर पर उन्होंने पूरे मामले की शिकायत की है।
उन्होंने लिखा है कि जो पुलिसकर्मी कुछ मिनट पहले मेरा पासपोर्ट वेरिफिकेशन करने आया, उससे मुझे असहजता महसूस हुई। पासपोर्ट वेरिफिकेशन करने के बाद पुलिसकर्मी देवेंद्र सिंह ने उनसे गले लगाने की डिमांड रख दी।पुलिसकर्मी देवेंद्र सिंह की इस हरकत की सोशल मीडिया पर लोग कड़ी आलोचना कर रहे हैं। वहीं, मामले को तूल पकड़ता देख एसएसपी गाजियाबाद वैभव कृष्ण ने इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए मामले की जांच सीओ इंदिरापुरम को सौंप दी है।
Updated on:
12 Jul 2018, 8:38 PM IST
Published on:
12 Jul 2018, 8:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.