दरअसल, स्मॉग की वजह से हालात दमघोंटू हो चुके हैं। दिनों दिन स्थिति गंभीर होती जा रही है। ईपीसीए ने एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिशा निर्देश जारी कर चुका है। इसके तहत निर्माण कार्यों पर पांच नवंबर तक रोक लगा दी गई है। आग जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, हॉट मिक्स प्लांट एवं स्टोन क्रेशर बंद करने, सड़कों की सफाई केवल मैकेनिकल तरीके से कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन ईंट भट्टों के संचालन की अनुमति दी गई हैं जिनमें जिगजैग तकनीकी का इस्तेमाल हो रहा है। आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर अन्य के लिए डीजल जनरेटर सेट के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कोयला आधारित उद्योगों को भी पांच नवंबर तक बंद कर दिया गया है।