नोएडा जोन के एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि सीएमएस इंफो सिस्टम लिमिटेड कंपनी बैंकों के निर्देश के मुताबिक, एटीएम मशीन में कैश लोड और अनलोड करने का काम करती है। कंपनी की एक शाखा साहिबाबाद में है। इस कंपनी में एजेंट के रूप में काम करने वालों को कस्टोडियन कहा जाता है। आरोप है कि इस कंपनी में काम करने वाले कस्टोडियन देवेंद्र सिंह रावत और दीपेंद्र कुमार अपने साथी आयुष के साथ मिलकर 26 लाख 63 हजार रुपये गबन कर लिए। आरोप के मुताबिक, 22 मार्च 2021 को दोनों कस्टोडियन को सलारपुर के एटीएम में कैश लोड और अनलोड करने के लिए भेजा गया था। इसी दौरान इन दोनों ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।