
पुलिस में व्याप्त भ्रष्टाचार पर DGP हुए सख्त, यहां इंसपेक्टर समेत एक दर्जन पुलिस कर्मियों पर बड़ी कार्रवाई
नोएडा। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालेरेंस की नीति रखने वाली योगी सरकार के डीजीपी ने बड़ा फैसला लिया है, और सभी पुलिस अधीक्षकों को भ्रष्ट पुलिस कर्मियों को चिन्हित कर उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिसके तहत नोएडा सेक्टर 58 थाना के पुलिस अधिकारी समेत कई पुलिस कर्मियों पर गाज गिरी है और एक दर्जन से अधिक पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। बताया जाता है कि नोएडा में छापेमारी के बाद अवैध तरिके से मोटी रकम लेने के आरोप में ये कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले डीजीपी को शिकायत मिली थी की नोएडा के सेक्टर 57 पुलिस चौकी की पुलिस टीम और कोतवाली की स्पेशल टीम ने सैक्टर-57 के बी-51 में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर पर 14 तारीख रात को छापा मार कर एक दर्जन के करीब लोगों को हिरासत में लिया था। फिर छोड़ने के नाम पर लाखो में डील की और मोदी रकम वसूलनेके बाद सभी को छोड़ दिया। इसकी शिकायत आरोपी पक्ष के लोगों ने एसएसपी और डीजीपी से की। जिसके बाद मामले को संज्ञान में लेते हुए शिकायत की जांच कराई और जांच में शिकायत सही पाये जाने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जिन पर गाज गिरी है उनमें नोएडा के कोतवाली 58 के प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल प्रताप सिंह, सीनियर सब इन्स्पेक्टर समेत एक दर्जन पुलिसकर्मियों शामिल हैं। इन पर मुक़दमा अपराध संख्या 361/18, U/S 386, 427, 342,504,506 IPC और 7/13 PC ACT पंजीकृत कराया गया है। पुलिस महानिदेशक द्वारा ये कहा गया है कि भविष्य में भी भ्रष्ट पुलिस कर्मियों के ख़िलाफ़ इसी प्रकार की दंडात्मक कार्यवाही की जायेगी।
Updated on:
19 Jun 2018, 9:08 AM IST
Published on:
19 Jun 2018, 9:03 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.