
अमरोहा. क्रिकेटर मोहम्मद शमी और हसीन जहां विवाद अब खत्म होता नजर आ रहा है। शमी पर गंभीर आरोप लगाने वाली हसीन जहां अब बैकफुट पर आ गई हैं। करीब सप्ताहभर अमरोहा में बिताने के बाद हसीन जहां कोलकात लौट चुकी हैं। हालांकि इस दौरान उन्होंने भरोसा जताया कि किसी भी कीमत पर उनका परिवार नहीं टूटेगा और वे इस बार ईद भी अपनी ससुराल सहसपुर अलीपुर में ही परिवार के साथ मनाएंगी। उन्होंने कहा वे तुर्क बिरादरी की पंचायत पर पूरा भरोसा रखती हैं, पंचायत उनका परिवार टूटने से जरूर बचाएगी।
ज्ञात हो कि सोशल मीडिया पर शुरू हुआ क्रिकेटर मोहम्मद शमी और हसीन जहां विवाद मीडिया की सुर्खियां बना। इसके बाद हसीन जहां ने एक के बाद एक गंभीर आरोप लगाए। जिसके बाद बीसीसीआई ने शमी का कांट्रेक्ट तक खत्म कर दिया। हालांकि बाद में इसे वापस ले लिया गया। इसके बाद हसीन जहां और शमी की लड़ाई थाने से लेकर कोर्ट तक पहुंची। लेकिन, इस विवाद ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब छह मई को अचानक अपनी बेटी और वकील के साथ हसीनजहां कोलकाता से अमरोहा पहुंची। यहां से डिडौली कोतवाली से पुलिस को साथ लेकर वे अपनी ससुराल गांव सहसपुर अलीनगर पहुंचीं। हसीन का आरोप था कि उनके आने की सूचना मिलते ही ससुराल में मौजूद लोग घर पर ताला लगाकर भाग निकले। इसके बावजूद हसीन यहां एक सप्ताह तक जोया में एक बसपा नेता के घर में रुकीं।
इस दौरान उन्होंने एसपी से लेकर प्रशासनिक अफसरों से मुलाकात की। उन्होंने तुर्क बिरादरी के सामने अपना पक्ष भी रखा। इसमें उन्हें आश्वासन मिला कि शमी के गांव आते ही पंचायत में कोई न कोई हल जरूर निकाला जाएगा। फिलहाल, हसीन जहां कोलकाता लौट गई हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हसीन जहां ने कहा कि उनके अमरोहा आने का मकसद पूरा हो गया है।
Published on:
14 May 2018, 1:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.