
नोएडा. दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा में शासन से हेलीपोर्ट बनाने की अनुमति मिल गई है। सेक्टर - 151 ए में पीपीपी मॉडल पर इस हेलीपोर्ट को बनाया जाएगा। नोएडा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाद हेलीपोर्ट के बन जाने से विकास को एक नई रफ्तार मिलेगी।
हेलीपोर्ट के लिए हुई बैठक में पीपीपी बिड मूल्यांकन समिति के नामित सदस्य अपर मुख्य सचिव, वित्त विभाग व उनके प्रतिनिधि प्रमुख सचिव न्याय मौजूद थे। नोएडा प्राधिकरण की ओर से मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितु माहेश्वरी ने उनके समक्ष योजना का प्रस्तुतीकरण किया। इस दौरान प्राधिकरण के एसीईओ और सलाहकार कंपनी राइट्स के कर्मचारी भी मौजूद रह थे।
जल्द निकाला जाएगा टेंडर
नोएडा विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितु माहेश्वरी ने बताया कि हेलीपोर्ट के लिए जल्द ही निविदा आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलवा जिस कंपनी को संचालन की जिम्मेदारी दी मिलेगी, वहीं 30 साल तक अनुरक्षण कार्य करेगी। प्राधिकरण को भूमि लाइसेंस शुल्क और राजस्व शेयर (प्रति यात्री रुपए) का भुगतान किया जाएगा।
एमआई 172 के उतरने की होगी सुविधा
इस हेलीपोर्ट परियोजना को पीपीपी मॉडल पर बनाया जाएगा। इस हेलीपोर्ट को विकसित करने में 9.35 एकड़ जमीन पर की आवश्यकता पड़ेगी। इतना ही नहीं इस प्रोजेक्ट में 43.13 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसका डिजाइन बेल 412 (12 सीटर) के अनुसार तैयार किया गया है। हेलीपोर्ट में 5 बेल 412 के पार्किंग एप्रान की सुविधा होगी। इस हेलीपोर्ट में वीवीआईपी या आपातकाल के समय 26 सिटर एमआई 172 भी उतारा जा सकेगा। हेलीपोर्ट में 500 वर्गमीटर में टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा जो कि 20 यात्रियों के आने जाने के लिए संचालन के लिए होगा।
सेक्टर-147 मेट्रो स्टेशन से महज तीन किमी पर बनेगा हेलीपोर्ट
इस हेलीपोर्ट में हेलीकॉप्टर का संचालन केवल दिन में ही किया जाएगा। इसमे इलेक्ट्रिक सब स्टेशन, फायर स्टेशन, आंतरिक सड़क, एसटीपी भी होगा। यह हेलीपोर्ट नोएडा सेक्टर-147 मेट्रो स्टेशन से इसकी दूरी 3 किमी, यमुना एक्सप्रेस-वे से इसकी दूरी 7 किमी और जेवर एपरपोर्ट से दूरी 47 किमी की होगी। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से 51 किमी की होगी दूरी। इस हेलीपोर्ट में हेलीपैड के साथ एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर 15 मीटर ऊचा और 20 कारों की पार्किंग भी बनाई जाएगी।
Published on:
16 Dec 2021 02:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
