नोएडा। इंडियन रेलवे अलग-अलग श्रेणियों में अपने ग्राहकों को अलग-अलग तरह की छूट देता है। रेलवे की छूट का यह दायरा 25 फीसदी से लेकर 100 फीसदी है। इसका मतलब है कि इंडियन रेलवे की टिकट पर 25 से लेकर 100 फीसदी तक की छूट का फायदा उठाया जा सकता है। अगर आप भी रिजर्वेशन द्वारा यात्रा करने के शौकीन हैं तो इस सुविधा का लाभ उठाकर अपने पैसे बचा सकते हैं। आपको बता दें कि आईआरसीटीसी की वेबसाइट से केवल वरिष्ठ नागरिकों के लिए ही टिकट में छूट का विकल्प उपलब्ध है। जबकि अन्य श्रेणियों के लिए टिकट पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) खिड़की से ही लेनी होगी। किराए में छूट वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग, स्टूडेंट, मरीजों, युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की पत्नियों आदि को दी जाती है।