
नोएडा। अगर आप भी ट्रेन से सफर करने के शौकीन हैं और इसके लिए ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं तो ये खबर आपके लिए ही है। दरअसल आईआरसीटीसी (इंडियन रेलवे कैटरिंग टूरिज्म कॉर्पोरेशन) ने अपनी वेबसाइट के जरिए बुक होने वाली प्रीमियम स्पेशल ट्रेनों के टिकट बुकिंग नियमों में कुछ बदलाव किए हैं। साथ ही किराए में भी परिवर्तन किया है।
आपको बता दे कि आईआरसीटीसी अपनी ऑफिशियल वेबसाइट और एप पर प्रीमियम स्पेशल ट्रेनों में आरक्षण कराने की सुविधा देता है। जानकारी के मुताबिक भारतीय रेलवे की ओर से प्रीमियम ट्रेनें डायनेमिक फेयर प्राइसिंग नीति के तहत चलाई जाती हैं। डायनेमिक फेयर होने का सीधा मतलब यह है कि सीटें भरने के साथ-साथ ट्रेन का किराया भी बढ़ता है। इन विशेष ट्रेनों के लिए अग्रिम आरक्षण समय सीमा ज्यादा से ज्यादा 15 दिन तय की गई है। इन ट्रेनों पर डायनेमिक फेयर की नीति कंफर्म होने के साथ-साथ आरएसी टिकटों पर भी लागू होती है। आईआरसीटीसी ट्रेनों से जुड़े कई नियमों में हाल ही में बदलाव किए गए हैं।
इन प्रीमियम स्पेशल ट्रेनों के लिए बुक होने वाली टिकटों की खास बात यह है कि इन्हें बुक करने की इजाजत दलालों को नहीं है। साथ ही इन ट्रेनों के लिए वेटिंग टिकट जारी नहीं किए जाते हैं। इसका मतलब यह है कि आपको कंफर्म या आरएसी की ही टिकट मिलेगा, या फिर बुकिंग ही नहीं होगी। इन प्रीमियम स्पेशल ट्रेनों में अपग्रेडेशन की सुविधा उपलब्ध न होने के साथ ही एक बार टिकट बुक हो जाने के बाद किसी तरह के बदलाव की भी अनुमति नहीं है।
रेलवे की प्रीमियम स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग केवल आईआरसीटीसी की वेबसाइट व एप के जरिए ही ऑनलाइन की जा सकती है और सारे टिकट जनरल कोटा में ही बुक होते हैं। इन ट्रेनों के लिए कोई तत्काल/महिला/अन्य कोटा नहीं होता है। प्रीमियम स्पेशल ट्रेनों के किराए में किसी तरह की छूट भी नहीं मिलती है। स्पेशल ट्रेनों में टिकट बुक कराते समय पहचान पत्र देना जरूरी होता है। यात्रा करते समय भी कम से कम एक यात्री के पास वह पहचान पत्र होना जरूरी है जो टिकट बुक कराते समय दिया गया था।
अगर चार्ट बनाते समय कोई बर्थ खाली बचती है तो ट्रेन शुरू होने वाले स्टेशन पर करेंट बुकिंग काउंटर के जरिए सीट बुक कराई जा सकती है। प्रीमियम स्पेशल ट्रेनों के टिकट कैंसिल नहीं होते हैं। आईआरसीटीसी के अनुसार, ट्रेन रद्द होने की स्थिति में ही टिकट कैंसिल होंगे। रिजर्वेशन फॉर्म भरते समय कुल किराए के साथ डायनेमिक फेयर भी दिखाया जाता है, किराए से पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही भुगतान करें।
Updated on:
18 Jun 2018, 5:36 PM IST
Published on:
18 Jun 2018, 5:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.