नोएडा। उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के तीसरे चरण का मतदान बुधवार को साढ़े सात बजे से शुरू हो गया। इसके तहत वेस्ट यूपी के पांच जिलों सहारनपुर, बागपत, बुलंदशहर, मुरादाबाद और संभल में भी लोग सुबह वोट डालने पहुंचने लगे। हालांकि, सुबह ठंड की वजह से थोड़ी भीड़ कम रही लेकिन माना जा रहा है कि दिन चढ़ने के साथ ही मतदान प्रतिशत भी बढ़ेगा।वहीं, मुरादाबाद में सुबह से लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। ठंड के बावजूद लोगों में जोश देख गया। इस दौरान आदर्श मतदान केंद्र पर लोगों ने सेल्फी भी ली। तीसरे चरण में संभल, बुलंदशहर और बागपत में चुनाव बैलेट पेपर के जरिए हो रहा है जबकि मुरादाबाद व सहारनपुर नगर निगम में ईवीएम का प्रयोग किया जा रहा है।