
डम्पिंग ग्राउंड पर बेनतीजा रही मीटिंग, फिर फूटा लोगों का गुस्सा, प्रदर्शनकारियों ने अर्ध नग्न होकर किया विरोध
नोएडा. मुख्यमंत्री के आदेश के बाद केन्द्रीय मंत्री डॉ.महेश शर्मा, नोएडा के विधायक पंकज सिंह और नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों और कूड़ा घर हटाओ संघर्ष समिति के बीच बुधवार को हुई मीटिंग बेनतीजा रही। इस दौरान कोई निष्कर्ष नहीं निकला। इसके बाद नोएडावासियों का गुस्सा एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। पिछले एक माह से नोएडा के सेक्टर 123 में बन रहे डम्पिंग ग्राउंड का विरोध कर रही जनता को हर ओर से निराशा ही मिल रही है। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद भी मिले धोखे के बाद प्रदर्शनकारियों ने नोएडा के सेक्टर 121 के पृथला चौक पर अर्धनग्न हो कर प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया ।
यह भी पढेंः हिन्दू-मुस्लिमों ने मिलकर दिया सीएम योगी को यह संदेश तो सभी रह गए हक्के-बक्के
तस्वीरों में आप जिन लोगों को अर्धनग्न अवस्था मे हंगामा करते देख रहे हैं। ये वे लोग हैं, जिन्हें गन्दगी में जीने को मजबूर कर रहा है नोएडा प्राधिकरण। वहीं, इन लोगों का अब सरकार पर से भी भरोसा उठता नजर आ रहा है । आपको बता दें नोएडा के सेक्टर 123 में नोएडा प्राधिकरण डम्पिंग ग्राउंड बना रहा है । वहीं, इसका विरोध कर रहे क्षेत्रवासियों का कहना है कि नोएडा प्राधिकरण ने उनके साथ धोखा किया है। रिहायशी इलाका होने के बाद भी प्राधिकरण ने यहां कूड़ा घर बनाकर गन्दगी और बदबू के बीच जीवन बिताने को उन्हें मजबूर किया जा रहा है।
दरअसल, पिछले कई माह से नोएडावासी इस डम्पिंग ग्राउंड का विरोध कर रहे हैं। दो दिन पहले ही नोएडा वासियों ने गाजियाबाद के दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया था कि डम्पिंग ग्राउंड रिहायशी इलाके से 2 किलोमीटर दूर बनाया जाएगा । इसके साथ ही सीएम योगी ने आदेश दिया था कि क्षेत्रिय सांसद, विधायक और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी जनता के साथ बैठ कर इस समस्या का समाधान करें । जिसके बाद बैठक का आयोजन किया गया था, लेकिन इस बैठक का कोई भी नतीजा न निकलने के बाद नोएडावासियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है । गुस्साए नोएडा वासियों ने बुधवार को सड़कों पर अर्धनग्न हो कर प्रदर्शन किया और जम सरकार के विरोध में नारे लगाए । प्रदर्शनकारियों का कहना है कि किसी भी सूरत में ये डम्पिंग ग्राउंड बनने नहीं दिया जाएगा, चाहे अब उनकी जान ही क्यों न चली जाए। इन लोगों ने धमकी दी है कि यदि डम्पिंग ग्राउंड को यहां से नहीं हटाया गया तो अब उग्र आंदोलन किया जाएगा ।
Published on:
20 Jun 2018, 9:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.