
सुंदर भाटी गैंग के खिलाफ प्रशासन ने कसा शिकंजा, कर दिया ये बड़ा ऐलान
नोएडा. एनकाउंटर मैन के नाम से मशहूर एसएसपी डॉ. अजयपाल शर्मा जिले का पदभार संभालने के बाद से ही जिले में अपराध नियंत्रित करने को लेकर काफी सख्ती बरतते आ रहे हैं। संगठित अपराध पर लगाम लगाने के लिए उन्होंने पहले 150 गैंग और 566 कुख्यात लोगों पर गैंगस्टर एक्ट लगाकर शिकंजा कसने का प्रयास किया था। लेकिन इसके बावजूद अपराध का ग्राफ जिले में कम होने के बजय काफी तेजी से बढ़ रहा है। अब इन अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के प्रावधान के अंतरगर्त धारा 14ए के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके तहत इन अपराधियों की संपत्ति को जब्त किया जाएगा। नोएडा में डीएम बीएन सिंह और एसएसपी अजयपाल शर्मा ने संयुक्त प्रेस कॉन्प्रेस में इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसके लिए संबंधित विभागों को प्रशासन ने पत्र लिखकर गैंगस्टर एक्ट के तहत नामित लोगों की संपति का ब्योरा उपलब्ध करने को कहा गया है।
नोएडा के सेक्टर 27 स्थित कैंप ऑफिस पर डीएम और एसएसपी ने संयुक्त प्रेस कांफेरेंस कर बताया कि जिले में रंगदारी, शराब का अवैध कारोबार, नशे का कारोबार करने वालों की संख्या काफी तेजी से बढ़ रही है । इसके चलते गौतमबुद्धनगर का अपराध ग्राफ काफी तेजी से बढ़ रहा है । इसके चलते पुलिस ने बेखौफ अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए 150 गैंग के 566 लोगों पर गैंगस्टर लगाकर उन पर शिकंजा कसने का काम किया गया है। डीएम ने कहा की प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के प्रावधान के अंतरगर्त 14ए धारा कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि गैंगस्टर एक्ट में नामित लोगों की संपति को जब्त किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि नोएडा के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को इस संबंध में पत्र लिखा गया है। सभी को गैंगस्टर की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके साथ ही उस व्यक्ति की चल अचल संपत्ति का ब्यौरा जो भी उनके रिकॉर्ड में हो, 15 दिन के अंदर जिला मजिस्ट्रेट को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शासन की तरफ से सभी बैंकों को भूमाफियाओं के खातों को ब्लॉक करने का निर्देश दिया गया है । इन माफियाओं के शस्त्र के लाइसेंस को भी निरस्त किया जाएगा । 566 गैंगस्टर की लिस्ट में सुंदर भाटी, रणदीप भाटी और खनन माफिया संजय मोमनाथल का नाम शामिल है । इस लिस्ट में ऑनलाइन 37 अरब की धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड अभिनव मित्तल का नाम भी शामिल है। इन अपराधियों पर धारा 14 के तहत कार्रवाई की जाएगी ।
Published on:
27 Sep 2018, 6:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.