
नोएडा। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की नोएडा (Noida) पुलिस का एक सराहनीय कार्य सामने आया है। पुलिस ने भैया दूज (Bhai Dooj) के दिन मंगलवार शाम को एक महिला को 15 लाख रुपये की हीरे की अंगूठी 'गिफ्ट' की। हीरे की अंगूठी मिलने के बाद महिला के आंसू निकल पड़े। वह और उसके परिजन पुलिसवालों का शुक्रिया अदा करते नहीं थक रहे थे।
दिवाली की रात गुम हुई अंगूठी
दरअसल, मामला दिवाली (Diwali) की रात का है। दिवाली की रात 27 अक्टूबर को समरीती मल्होत्रा सेक्टर-47 में अपने रिश्तेदारों के घर आई थीं। वह यहां पर दिवाली के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने आई थीं। समरीती मल्होत्रा दिल्ली (Delhi) के ग्रेटर कैलाश में रहती हैं। उनके पति का नाम विशाल नाथ है। उन्होंने अपने हाथ में 15 लाख रुपये की हीरे की अंगूठी पहनी हुई थी।
काफी तलाश के बाद भी नहीं मिली अंगूठी
जानकारी के अनुसार, समरीती ने कार्यक्रम के दौरान अंगूठी उतारकर अपने पास रख ली थी। दिवाली के प्रोग्राम में इतनी मगन हो गईं कि उनको अपनी अंगूठी भूल गईं। इस बीच अंगूठी कहीं गिर गईं। बाद में जब उन्हें अंगूठी की याद आई तो उनके होश उड़ गए। काफी देर तक उन्होंने और उनके परिजनों ने अंगूठी की तलाश की लेकिन वह नहीं मिली।
पुलिस ने दो दिन में ढूंढी अंगूठी
इसके बाद परिजनों ने सेक्टर-49 थाने में इस मामले में शिकायत दी। इसके आधार पर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस मामले की छानबीन के लिए 28 अक्टूबर को घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने वहां लोगों से पूछताछ की लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। इसके बाद पुलिस ने भैया दूज वाले दिन मंगलवार शाम को अंगूठी तलाशनी शुरू की। इस दौरान पुलिस को पार्क में फुलवारी के पास अंगूठी पड़ी मिली। पुलिस ने जब अंगूठी महिला को दी तो वह खुशी से रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दो दिन में केस सॉलव कर दिया है। उन्हाेंने पुलिस को शुक्रिया भी कहा। नोएडा पुलिस ने इस मामले को अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट भी किया है।
Updated on:
30 Oct 2019, 11:27 AM IST
Published on:
30 Oct 2019, 11:26 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.