
नोएडा में निर्माणधीन बिल्डिंग की शटरिंग गिरने से 4 मजदूरों की मौत, 6 की हालत गंभीर
नोएडा. सेक्टर 94 में कैपिटल सिटी बीपीटीपी बिल्डिंग की शटरिंग गिरने से कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। मौके पर पहुंचे पुलिस दल, एनडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमो ने शटरिंग के नीचे दबे हुए 10 मजदूरों को निकाला। इनमें से चार की मौत हो गई, जबकि छह अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। बीपीटीपी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ये प्रोजेक्ट अहलूवालिया कंस्ट्रक्शन लिमिटेड की ओर से पूरा किया जा रहा है। उनकी तरफ से बताया गया है कि यह हादसा एक रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के शेटरिंग से टकराने की वजह से हुआ है।
इन मजदूरों की हुई मौत
इस दुर्घटना में जिन मजदूरों की मौत हुई है, उनका नाम नौशाद, राम जय कुमार, करण और अशोक है। नौशाद के साथ ही गंभीर रूप से घायल राम जय कुमार, करण और अशोक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि विजयपाल, महेश, अजय, शादाब, नसरुल, और चक्रधारी की हालत गंभीर है। इन सभी को नोएडा और दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया है।
सेक्टर 94 में बीपीटीपी बिल्डर्स की एक हाईराइज बिल्डिंग बना रहे थे मजदूर
इस घटना पर सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के सेक्टर 94 में बीपीटीपी बिल्डर्स एक हाईराइज बिल्डिंग बना रहे हैं। रविवार सुबह करीब 10 बजे इमारत के निर्माण में लगाई गई लोहे की शटरिंग अचानक गिर गई। घटना में वहां खड़े 10 मजदूर मलबे में दब गए। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस दल, एनडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमों ने शटरिंग के नीचे दबे हुए सभी 10 मजदूरों अशोक, विजयपाल, महेश, अजय, शादाब, नौशाद, करण, नसरुल, राम जय कुमार और चक्रधारी को बाहर निकाला। इन सभी को नोएडा और दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान नौशाद, राम जय कुमार, करण और अशोक की मौत हो गई. अन्य घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
डीएसपी फर्स्ट (नगर) अवनीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पहली नजर में मामला बिल्डर की लापरवाही का लग रहा है। अधिकारी ने कहा कि इस संबंध में मृतकों के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं।
Published on:
07 Oct 2018 06:51 pm

बड़ी खबरें
View Allनोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
