
Patrika News Bulletin@10 AM: आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुआ मेरठ का लाल, एक क्लिक में पढ़ें वेस्ट यूपी की 5 बड़ी खबरें
नोएडा। पत्रिका बुलेटिन में आपका स्वागत है। आइए हम आपको बतात हैं मंगलवार सुबह 10 बजे तक की पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पांच बड़ी खबरें-
मेरठ: शहादत की खबर से परिवार में मचा कोहराम
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में सोमवार को जब सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया तो आतंकियों ने फायरिंग कर दी। मुठभेड़ में सेना के मेजर केतन शर्मा शहीद हो गए। शहीद मेजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के रहने वाले थे। मेजर केतन शर्मा की शहादत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। बूढ़े माता-पिता इकलौटे बेटे के अचानक चले जाने पर आंसुओं को रोक नहीं पा रहे हैं।
नोएडा-एनसीआर में हुई प्री-मानसून की बारिश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सोमवार देर रात और मंगलवार सुबह हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग इसे प्री-मानसून की बारिश मान रहा है। बारिश के बाद सोमवार को नोएडा में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिन तक एनसीआर में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है।
नोएडा: सड़क किनारे लोगों को पानी पिलाने वाले को बस ने कुचला
नोएडा में अलग-अलग जगहों पर हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। थाना-39 क्षेत्र के सेक्टर-105 में सड़क किनारे लोगों की प्यास बुझाने वाले वाटर वेंडर को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। हादसे में वाटर वेंडर राहुल की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर भागने लगा तभी वहां पर मौजूद लोगों ने उसको दौड़ाकर पकड़ लिया। दूसरा हादसा थाना-58 क्षेत्र के सेक्टर-57 में हुआ। इसमें एक बेलगाम ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिसमें युवक कि मौत हो गई।
बुलंदशहर: अवैध शराब बेचे जाने को लेकर ग्रामीणों ने थाना घेरा
बुलंदशहर के सिकंदराबाद के फरीदपुर गांव के लोगों ने सोमवार शाम को कोतवाली सिकंदराबाद का घेराव किया। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा प्रांत की शराब बेचे जाने से गांव में अराजक तत्व महिलाओं से छेड़खानी और मारपीट करते हैं। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव में हरियाणा निर्मित शराब खुले में बिना किसी रोक-टोक के बेची जा रही है।
ग्रेटर नोएडा: मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश को लगी गोली
दादरी थाना क्षेत्र के रामगढ़ फाटक के पास पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच सोमवार रात को मुठभेड़ हो गई। इसमें 25 हजार के इनामी बदमाश रोबिन के पैर में गोली लगी है जबकि एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। रोबिन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बदमाश ने 5 जून को दादरी थाना क्षेत्र में 25 लाख लूट की घटना को अंजाम दिया था। उसके पास से 1 लाख 60 हजार रुपए, एक बाइक, अवैध हथियार सहित कुछ कारतूस बरामद हुए हैं।
Updated on:
18 Jun 2019 12:07 pm
Published on:
18 Jun 2019 09:57 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
