
नोएडा। पुलिस ने सुपारी लेकर हत्या के लिए अपहरण करने वाले गैंग के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक पिस्टल, लूटी गई वैगनआर,और होंडा सिटी कार बरामद की है। आरोपियों ने 5 लाख रुपये की सुपारी लेकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
लूटी हुई लग्जरी गाड़ी में ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस की गिरफ्त में खड़े मोहित अवाना, नीमू, मुस्तकीम उर्फ मुकी, रईस, दीपक और गौरव इन सभी ने 5 लाख की सुपारी लेकर ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन पर स्थित ऑटो यूनियन के अध्यक्ष सचिन पाठक का अपहरण किया। आरोपियों ने अपहरण से पहले मयूर विहार से होण्डा सिटी कार लूटी और फिर इसी कार में सचिन का अपहरण कर लिया। और मारपीट कर जान देने का प्रयास किया था, लेकिन सेक्टर-126 के पास गाड़ी का टायर फट गया। इस दौरान मौका पाकर सचिन आरोपियों के चंगुल से छूटकर भाग निकला। वहीं बदमाश होड़ा सिटी कार को मौके पर छोड़कर एक वैगनआर गाड़ी को लूट कर फरार हो गए थे।
इसलिए कराया ऑटो यूनियन अध्यक्ष सचिन का अपहरण
पुलिस के अनुसार, ऑटो यूनियन के अध्यक्ष पद को लेकर रहीश, बालेन्द्र व पाला प्रधान का सचिन पाठक से विवाद चल रहा था। यूनियन का अध्यक्ष पहले बालेन्द्र था, लेकिन अब सभी ऑटो चालकों ने एक मत से सचिन को अपना अध्यक्ष बना दिया था। इसको लेकर उनमें विवाद था। इस विवाद में पहले भी उनके बीच झगड़ा हो चुका था। इसी मामले को लेकर बालेन्द्र व रहीश ने मोहित अवाना उर्फ नेमु व मुस्तकीम उर्फ मुक्की को सचिन पाठक को मारने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी। यह सुपारी यूनियन के पूर्व अध्यक्ष बालेन्द्र ने दी थी, लेकिन अचानक कार के टायर फटने और सचिन के भाग जाने से इनकी योजना विफल हो गई। जिसके बाद पीडि़त ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इस पर कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि एक अभियुक्त अभी फरार है।
Published on:
21 Nov 2019, 3:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.