लेकिन, प्रदेश के कई बड़े पुलिस अधिकारी खुद यह आरोप लगा चुके हैं कि प्रदेश में थाने बेचे जा रहे हैं। पैसे लेकर पोस्टिंग दी जा रही है। हाल के दिनों में गौतमबुुद्ध नगर जिले में एसएसपी रह चुके वैभव कृष्ण भी यह आरोप लगा चुके हैं। हालांकि, उन पर भी कुछ आरोप लगे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मामले की जांच सौंपी। माना जा रहा है कि वैभव कृष्ण पर कार्रवाई इसी का हिस्सा है। साथ ही, लखनऊ और गौतमबुद्ध नगर में कमिश्नर प्रणाली लागू कर दी गई। उम्मीद की जा रही है कि कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद यहां की कानून व्यवस्था तो सुधरेगी ही, थाने बिकने जैसे आरोप भी लगने बंद होंगे। यह बहुत जरूरी है कि भ्रष्टाचार पर काबू पाने की जिम्मेदारी जिसकी है, वह खुद पहले भ्रष्टाचार से मुक्त हो।