
नोएडा। एयरफोर्स के रिटायर्ड अधिकारी से रेलवे में बिजली उपकरण लगाने के लिए करोड़ो रुपए का ठेका दिलाने के नाम पर 8 लाख रुपए ठग लिए गये। आरोपी ठग ने पीडि़त को केन्द्रीय रेल मंत्री से घनिष्ठ संबंध बताकर झांसे में लिया था। अब ठगी का एहसास होने पर पीडि़त ने मामले की शिकायत कोतवाली सेक्टर 24 पुलिस को दी है। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।
इलेक्ट्रॉनिक पैनल बनाने की है फैक्ट्री
जानकारी के अनुसार, सेक्टर 11 निवासी रामकुमार भारद्वाज अपने परिवार के साथ रहते है। उन्होंने बताया कि वह एयरफोर्स से रिटायर्ड है। उनकी नोएडा में इलेक्ट्रॉनिक पैनल बनाने की फैक्ट्री है। कुछ समय पहले उनका व्यापार में ठप हो गया था। इस बीच 12 अप्रैल 2019 में दिल्ली में एक कार्यक्रम में रामकुमार की मुलाकात मूलरूप से हरियाणा पलवल के गांव असावटी निवासी सतबीर शर्मा से हुई थी। यहां पर दोनों के बीच करीब आधा घंटे बात हुई। फिर सतबीर ने कई बार रामकुमार से मोबाइल पर बात की। सतबीर ने रामकुमार से कहा कि उसके केन्द्रीय रेल मंत्री से घनिष्ठ संबंध है।
रेलवे में करोड़ो रुपए का ठेका दिलाने का दिया था झांसा
पीडि़ता ने बताया कि आरोपी ने उन्हें बताया कि वह रेलवे विभाग में बिजली उपकरण लगाने का करोड़ों रुपए का ठेका दिला सकता है। व्यापार को गति देने के लिए राम कुमार आरोपी के झांसे में आ गए। आरोपी ने ठेका दिलाने के एवज में पीडि़त से 8 लाख रुपए मांगे। रामकुमार ने उसके बताए गए बैंक खाते में 8 लाख रुपये जमा करा दिये। फिर राम कुमार कई महीनों तक ठेका मिलने का इंतजार करने रहे, लेकिन आरोपी टालमटोल करता रहा। अब पीडि़त ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है।
Published on:
04 Oct 2019 08:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
