
गाजियाबाद के स्कूल में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के मसूरी थाना क्षेत्र में दसवीं के छात्र ने अपने दोस्त छठी क्लास के छात्र की सिर्फ इसलिए गला दबाकर हत्या कर दी क्योंकि उसे स्कूल जाकर पढ़ाई नहीं करनी थी। छात्र का शव सोमवार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे डीएमई पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है। वहीं मृतक छात्र के पिता ने आरोपी छात्र के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
खेलने के बहाने दोस्त को ले गया और गला दबा दिया
बता दें कि मसूरी थाना क्षेत्र में रहने वाले एक श्रमिक का 13 वर्षीय पुत्र छठी कक्षा का छात्र था। उसके पड़ोस में 10वीं क्लास का छात्र रहता था। बताया जाता है कि सोमवार की शाम करीब चार बजे 10वीं का छात्र अपने दोस्त छठी क्लास के छात्र संग खेलने गया था। तभी उसने डीएमई के पास ले जाकर उसका गला दबा दिया और फिर भाग निकला। मौके पर पहुंचे लोगों ने बेहोश छात्र को डासना के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं देर शाम पुलिस ने आरोपी 10वीं के छात्र को पकड़ लिया।
पढ़ाई से छुटकारा पाने के लिए रच रहा था साजिश
पुलिस पूछताछ में आरोपी छात्र ने बताया कि उसके माता.पिता उसे जबरन स्कूल भेजते थे, जबकि वह पढ़ना नहीं चाहता था। उसने अपने दोस्त की हत्या इसलिए की क्योंकि उसे पता था कि इस क्राइम के बाद उसे जेल हो जाएगी और उसे पढ़ना नहीं पड़ेगा। वहीं इस मामले पर एसपी देहात डॉ. ईरज राजा का कहना है कि आरोपित छात्र को पकड़ लिया गया है। आारोपित को बाल सुधार गृह भेजा जाएगा। पुलिस के मुताबिक आरोपित ने पूर्व में ही छात्र की हत्या की साजिश रच ली थी। छात्र की कद-काठी कमजोर होने का उसने फायदा उठाया और उसे अपने निशाने पर रखा। मौका पाते ही छात्र की हत्या कर डाली। वहीं 10वीं के छात्र द्वारा की गई इस घटना के बाद स्वजन और पड़ोसी सभी स्तब्ध हैं।
Published on:
23 Aug 2022, 10:22 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.