
नोएडा. गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन की तरफ से बनाए गए दो क्वॉरंटीन वॉर्डों में भर्ती लोगों की अच्छी तरह से देखभाल हो रही है। यहां लोगों की डिमांड के मुताबिक खाना उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि किसी को भी कोई परेशानी महसूस नहीं हो सके। बता दें क्वॉरंटीन वॉर्ड में रह रहे डायबिटिक पेशेंट्स ने नाश्ते में बदलाव की डिमांड की थी, जिसके बाद उन्हें मनमाफिक घर की तरह ही नाश्ता दिया जा रहा है। नाश्तें में लोगों को पोहा, दलिया और ढोकला आदि परोसा जा रहा है। यही वजह है कि राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में भर्ती महिला समेत तीन लोग पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं।
डीएम बीएन सिंह ने बताया कि हाल ही में उन्होंने नोएडा सेक्टर-39 स्थित नए जिला अस्पताल और ग्रेटर नोएडा के एससी-एसटी छात्रावास स्थित क्वारंटीन वॉर्ड का दौरा किया है। निरीक्षण के दौरान वार्ड में रह रहे डायबिटिक पेशेंट ने सुबह के नाश्ते में बदलाव की डिमांड की थी। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने उनके मनमाफिक ढोकला, पोहा और दलिया नाश्ते में देना शुरू कर दिया गया है। इसके चलते ये लोग घर जैसा नाश्ता पाकर बेहद खुश हैं।
वहीं अधिकारियों का कहना है कि क्वारंटीन वार्डों में सौ से ज्यादा लोग रह रहे हैं। इन सभी को नाश्ते में पूड़ी-सब्जी, दाल-कचौड़ी, रस, बिस्किट और चाय मुहैया कराई जा रही है। वहीं डायबिटिक लोगों के लिए अलग से नया मैन्यू तैयार किया गया है। उनके मैन्यू में एक दिन ढोकला, एक दिन पोहा और एक दिन दलिया दिया जा रहा है। इसके अलावा लंच में आलू गोभी की सब्जी, दाल, चावल व रोटी दी जा रही है। हर दिन मौसमी सब्जियों को बदला जा रहा है। इसके बाद दोपहर बाद में दाल की कचौड़ी, बिस्किट, रस और चाय आदि दी जा रही है। वहीं डिनर में दाल, एक सब्जी और रोटी दी जा रही है। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन ने खाद्य विभाग को सौंप रखी है।
Published on:
25 Mar 2020 01:16 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
