
नोएडा. थाना सेक्टर-58 पुलिस ने ‘धूम’ फिल्म की तर्ज पर लूट करने वाले दो ऐसे लुटेरों को पकड़ा है, जो बाइक स्टंट करते हैं। ये बदमाश हाथ छोड़कर पूरी स्पीड में बाइक चलाते हैं और दोनों हाथों से फायरिंग करते हैं। इनकी गिरफ्तारी के बाद थाना सेक्टर-58 की पुलिस ने एक अप्रैल को सेक्टर-62 में कलेक्शन एजेंट से हुई डेढ़ लाख रुपये की लूट की घटना का खुलासा किया है। ये दोनों बदमाश दिल्ली के मुश्ताक गैंग के सदस्य हैं। पकड़े गए एक बदमाश पर दिल्ली और एनसीआर में 35 मामले दर्ज हैं। हालांकि पुलिस के मुताबिक इन्होंने 100 से अधिक वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है।
बता दें कि तीन बाइक सवार बदमाशों ने एक अप्रैल को सेक्टर-62 में एक कलेक्शन एजेंट से 1.5 लाख रुपये की लूट की थी। पुलिस के अनुसार जांच में एक सीसीटीवी फुटेज मिली, जिसमें लुटेरे बाइक पर दिखाई दिए जिनकी पहचान पीड़ित ने भी की थी। कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस मे गुरुवार की रात चेकिंग के दौरान बाइक पर जा रहे तीन में से दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया और बताया कि आबिद उर्फ वसीम पर दिल्ली और नोएडा में कुल 35 मुकदमे दर्ज हैं। जबकि जितेंद्र पर गाजियाबाद और नोएडा में कुल तीन मामले दर्ज हैं। इनके कब्जे से एक बाइक, एक तमंचा, दो कारतूस और 30 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई। उन्होंने बताया कि ये बदमाश कलेक्शन एजेंट से लूटी गई रकम में से अपना हिस्सा लेकर लौट रहे थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने सेक्टर-62 में कलेक्शन एजेंट और 24 जनवरी-2018 को इंदिरापुरम में लूट का विरोध करने पर गोली मारकर हत्या करने की कोशिश की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पकड़े गए बदमाशों में गाजियाबाद का आबिद उर्फ वसीम उर्फ गुड्डू और त्रिलोकपुरी, दिल्ली का जितेंद्र शामिल है। पुलिस इनके दो साथियों पेंटर उर्फ भूपेंद्र और उसके एक दोस्त की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों बदमाश दिल्ली के कुख्यात मुश्ताक गैंग के लिए काम करते हैं और अपराध को अंजाम देने के लिए हमेशा हाई स्पीड बाइक का इस्तेमाल करते थे। पकड़ा गया वसीम बाइक स्टंड करता है और दोनों हाथ छोड़कर पूरी स्पीड में बाइक चलाता है। इतना ही नहीं वह इस दौरान दोनों हाथों से फायरिंग करने में भी माहिर है। वसीम ने बताया कि उसने चेन, मोबाइल लूट और चोरी की कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है उसकी गिनती नहीं है, लेकिन यह संख्या 100 से भी अधिक है।
Published on:
7 Apr 2018, 11:46 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.