
नोएडा. सेक्टर-126 में रहने वाली राधा ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। चारों बच्चे स्वस्थ हैं। बता दें कि 24 साल की राधा को शनिवार रात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने बताया कि 27 मिनट के अंतराल पर बच्चों की डिलीवरी नॉर्मल तरीके से हुई। महिला के पति करण ने बताया कि इससे पहले सेक्टर-35 स्थित अस्पताल में सोनोग्राफी में जुड़वा बच्चों की जानकारी मिली थी। उसकी हालत देखते हुए यहां आॅपरेशन की भी तैयारी कर ली गई थी। जिसके बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीएमएस अजय शर्मा ने बताया कि जच्चा व बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
चिकित्सकों के मुताबिक राधा ने रविवार सुबह 9 बजकर 45 मिनट में पहली बच्ची और 10 बजकर पांच मिनट पर दूसरी बच्ची को जन्म दिया। वहीं तीसरी बच्ची को 10 बजकर 10 मिनट व चौथे लड़के को 10 बजकर 12 मिनट पर जन्म दिया। डॉक्टर ने बताया कि मां और चारों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं। बता दें कि राधा पहले सेक्टर-35 स्थित एक अस्पताल गई थी, लेकिन वहां आॅपरेशन की बात कही गई। इसके बाद उसके पति करण ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पहली बच्ची का वजन 1.8 किलोग्राम, दूसरी का 1.75 किलाग्राम, तीसरी का 1.75 किलोग्राम व चौथे बच्चे का वजन 1.4 किलोग्राम था। इसमे दो बच्चियों को चाइल्ड पीजीआई में भर्ती कराया गया है। डाक्टर के मुताबिक एक बच्ची का जन्म उल्टा हुआ था। जबकि एक शारिरिक रूप से कमजोर है। लिहाजा दोनों को चाइल्ड पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
नर्सरी में काम करते हैं पिता
करण सेक्टर-126 में परिवार के साथ रहते हैं। उन्हें जुड़वा बच्चों की जानकारी थी, लेकिन एक बार में वह चार बच्चों के पिता बन गए। उन्हें खुशी तो है, लेकिन आर्थिक स्थिति अब उनकी खुशी के आड़े आ रही है। वह नर्सरी में काम करते हैं। बच्चों की मां राधा भी खुश हैं।
नार्मल कराई गई डिलीवरी
चार बच्चे की आशंका डाक्टरों को भी नहीं थी। इस परिस्थिति में आॅपरेशन ही विकल्प होता है, लेकिन सूझबूझ का परिचय देते हुए सरकारी अस्पताल के डाक्टरों ने महिला की नार्मल डिलीवरी कराई। जिसमे मां व चारों बच्चे स्वस्थ्य हैं। जल्द ही मां व बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
Updated on:
22 Jan 2018 09:11 am
Published on:
22 Jan 2018 09:08 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
