19 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Asian Games 2026: भारत के ‘गोल्ड मिशन’ के 10 बड़े चेहरे, जिन पर टिकीं देश की उम्मीदें

Asian Games 2026 medal contenders: भारत के ‘गोल्ड मिशन’ में ईशा सिंह, मीराबाई चानू, सात्विक-चिराग, लवलीना बोरगोहेन समेत 10 बड़े सितारों पर रहेंगी देश की नजरें। जानिए भारत के प्रमुख पदक दावेदारों के बारे में।
4 min read
Google source verification
Asian Games: Indian Medal Hopes

श्रेयस अय्यर, मीराबाई चानू और ईशा सिंह। (Photo- IANS)

Asian Games 2026 India: दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक एशियन गेम्स 2026 में भारत की नजरें एक बार फिर पदक जीतने पर होंगी। जापान के आइची-नागोया में होने वाले इस खेल महाकुंभ में भारतीय दल के कई स्टार खिलाड़ी अपने दमदार प्रदर्शन के साथ देश के ‘गोल्ड मिशन’ को आगे बढ़ाने उतरेंगे। शूटिंग में ईशा सिंह से लेकर भारोत्तोलन में मीराबाई चानू, बैडमिंटन में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी और बॉक्सिंग में लवलीना बोरगोहेन तक, कई ऐसे नाम हैं, जिनसे पदक की उम्मीदें जुड़ी हैं। आइए जानते हैं भारत के उन 10 बड़े चेहरों के बारे में, जिनके प्रदर्शन पर देश की नजरें रहेंगी।

ईशा सिंह (शूटिंग)

भारत की स्टार शूटर ईशा सिंह शानदार फॉर्म के साथ एशियन गेम्स में प्रवेश कर रही हैं। वह महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में वर्ल्ड नंबर-1 और 10 मीटर एयर पिस्टल में वर्ल्ड नंबर-2 पर हैं। उनकी शानदार फॉर्म का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने इस साल ISSF वर्ल्ड कप के म्यूनिख और हांगझोउ चरण में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते हैं।

उन्होंने दिल्ली में हुई एशियाई चैंपियनशिप 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण और 25 मीटर पिस्टल की व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीता है। इतना ही नहीं, मनु भाकर और रिदम सांगवान के साथ 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता है। 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में भी उन्होंने एक और स्वर्ण पदक जीता। ऐसे में ईशा सिंह को शूटिंग में भारत की प्रमुख पदक दावेदारों में शामिल किया जा सकता है।

मीराबाई चानू (वेटलिफ्टिंग)

वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू से भारत को काफी उम्मीदें हैं। मीराबाई चानू कॉमनवेल्थ गेम्स में कई गोल्ड मेडल, टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर मेडल और वर्ल्ड चैंपियनशिप में कई मेडल जीत चुकी हैं। ऐसे में मीराबाई चानू एशियन गेम्स में अपना पहला पदक जीतने के इरादे से उतरेंगी। उनकी नजर फिलहाल गोल्ड मेडल पर होगी।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी (बैडमिंटन)

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय बैडमिंटन जोड़ी शानदार फॉर्म में है। 2026 में सिंगापुर ओपन और चाइना मास्टर्स की खिताबी जीत तथा थाईलैंड में उपविजेता रहने के बाद सात्विक-चिराग के हौसले बुलंद होंगे। इससे पहले हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने गोल्ड मेडल जीता था।

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम मौजूदा समय में शानदार फॉर्म में है। टीम में वैभव सूर्यवंशी जैसे 15 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी, रिकॉर्ड शतक लगाने वाले अभिषेक शर्मा, शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन और अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। एशियन गेम्स 2023 में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम रविवार तड़के जापान के लिए रवाना होगी।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम

भारतीय पुरुष हॉकी टीम हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में खेलेगी। भले ही FIH पुरुष हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम 8वें स्थान पर रही हो, लेकिन वह एशियन गेम्स में पूरी तैयारियों के साथ खेलने उतरेगी। फिलहाल भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पास इतिहास रचने का मौका है। वह पहली बार लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतकर अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव कर सकती है। ऐसा होने पर 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक के लिए उसे सीधे क्वालिफिकेशन भी मिल सकता है।

लवलीना बोरगोहेन (मुक्केबाजी)

भारत की 28 वर्षीय मुक्केबाजी स्टार लवलीना बोरगोहेन के नाम ओलंपिक में ब्रॉन्ज, एशियन गेम्स में सिल्वर, कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 ग्लासगो का सिल्वर और कई विश्व चैंपियनशिप मेडल हैं। उनकी शानदार उपलब्धियों का रिकॉर्ड उन्हें पदक की मजबूत दावेदार बनाता है।

तजिंदरपाल सिंह तूर (शॉट पुट)

तजिंदरपाल सिंह तूर एशियन गेम्स 2018 और 2022 में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। 2026 में लगातार तीसरा गोल्ड जीतकर वह अपनी विरासत को और मजबूत कर सकते हैं। राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक तजिंदरपाल सिंह तूर एशियाई स्तर पर खुद को पहले ही साबित कर चुके हैं। एक और पदक 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक से पहले उनके आत्मविश्वास को बढ़ावा दे सकता है।

गुरिंदरवीर सिंह (एथलेटिक्स)

पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में 10.09 सेकंड के वर्तमान राष्ट्रीय रिकॉर्ड के धारक गुरिंदरवीर सिंह की तुलना उनके करियर के शुरुआती दौर में ही ‘फ्लाइंग सिख’ और महान एथलीट दिवंगत मिल्खा सिंह से की जाने लगी है। कॉमनवेल्थ गेम्स में चोट से जूझने के बावजूद उन्होंने 10.39 सेकंड का समय दर्ज किया, लेकिन पदक दौर में जगह नहीं बना सके। इसके बावजूद इस उभरते हुए पंजाबी धावक को पदक की दौड़ से बाहर करना मुश्किल होगा।

सुजीत कलकल (कुश्ती)

हरियाणा के 23 वर्षीय सुजीत ने इस साल बिश्केक में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में 65 किलोग्राम वर्ग का गोल्ड मेडल जीता। इससे पहले उन्होंने अंडर-23 स्तर पर पिछले साल गोल्ड और 2022 में अंडर-20 स्तर पर ब्रॉन्ज भी जीता था। सुजीत के लिए इससे बड़ी उपलब्धियों की राह खुलती दिखाई दे रही है और एशियन गेम्स 2026 उनके करियर को अगले स्तर तक ले जा सकता है।

अनाहत सिंह (स्क्वैश)

किशोर स्क्वैश स्टार अनाहत सिंह भारत की विभिन्न खेल विधाओं में सबसे रोमांचक उभरती प्रतिभाओं में से एक हैं। 2022 एशियन गेम्स की दो बार की ब्रॉन्ज मेडल विजेता अनाहत इस समय शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने जुलाई में महिला एकल वर्ग में विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा PSA वर्ल्ड टूर सर्किट में भी उन्होंने कई खिताब जीते हैं। इनमें स्क्वैश ऑन फायर ओपन भी शामिल है, जहां उन्होंने अपना पहला PSA ब्रॉन्ज-लेवल खिताब जीता। उन्होंने इस साल JSW इंडियन ओपन का खिताब भी जीता। पिछले साल ऐतिहासिक स्क्वैश विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रही अनाहत ने अपने करियर की सर्वोच्च विश्व नंबर-17 रैंकिंग हासिल की है।