25 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Asian Games 2026: सात्विक-चिराग की चौंकाने वाली हार, एशियन गेम्स में पहले दौर से बाहर

Satwik-Chirag: एशियन गेम्स 2026 में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को पुरुष युगल के पहले दौर में थाईलैंड की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा और वे प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
2 min read
Google source verification
Asian Games 2026 latest.

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी। (Photo- IANS)

Satwiksairaj Rankireddy and Chirag Shetty:एशियन गेम्स 2026 में शुक्रवार को भारत को बड़ा झटका लगा। दरअसल, भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को बैडमिंटन की पुरुष युगल स्पर्धा में चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ डिफेंडिंग चैंपियन सात्विक-चिराग की जोड़ी पहले ही दौर में टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी से भारत को पदक की उम्मीदें थीं। हालांकि, उन्हें थाईलैंड के पक्कापोन तीरारात्साकुल और पीरात्चाई सुकफुन की पुरुष युगल जोड़ी से कड़ी चुनौती मिली। आखिरकार, थाईलैंड की जोड़ी ने एक घंटे आठ मिनट तक चले मुकाबले में सात्विक-चिराग को 21-12, 19-21, 14-21 से हरा दिया।

सात्विक-चिराग ने शुरुआती बढ़त गंवाई

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने शानदार शुरुआत की। उन्होंने 20 मिनट में पहला गेम 21-12 से जीतकर मुकाबले पर नियंत्रण स्थापित कर लिया था। हालांकि, थाईलैंड की पुरुष युगल जोड़ी ने धैर्य नहीं खोया और धीरे-धीरे लय हासिल करते हुए मुकाबले का रुख पलट दिया। थाई जोड़ी ने दूसरे गेम में दबदबा बनाते हुए 24 मिनट में 21-19 से जीत दर्ज की और मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।

निर्णायक गेम में सात्विक-चिराग लय हासिल करने में विफल रहे। थाई जोड़ी ने जल्द ही तीसरे गेम में नियंत्रण हासिल कर लिया और महज 19 मिनट में 21-14 से जीत दर्ज करते हुए भारतीय जोड़ी को चौंका दिया। इस हार के साथ डिफेंडिंग चैंपियन सात्विक और चिराग का पुरुष युगल स्पर्धा में एशियन गेम्स अभियान समय से पहले समाप्त हो गया। आपको बता दें कि सात्विक और चिराग उस भारतीय टीम का हिस्सा थे, जिसने इससे पहले पुरुष टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की क्वार्टर फाइनल में पहुंची

दूसरी ओर, ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की मिश्रित युगल बैडमिंटन जोड़ी व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज मलेशिया के गोह सून हुआट और लाई शेवोन जैमी को 22-20, 24-22 से हराया। अब उनका सामना 27 सितंबर को विश्व नंबर-1 चीन के फेंग यांग झे और हुआंग डोंग पिंग से होगा।