
आखिरी समय में किये गोल से भारतीय टीम का दूसरा मैच ड्रॉ
नई दिल्ली। मेजबान टीम स्पेन के खिलाफ अपना पहला मैच हारने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम गुरुवार को खेला गया दूसरा मैच अनुपा बारला की ओर से अंतिम समय में किए गए गोल के दम पर 1-1 से ड्रॉ करने में सफल रही। अनुपा ने इस मैच में भारतीय टीम के लिए 54वें मिनट में गोल किया। स्पेन के लिए बेर्टा बोनास्ट्रे ने गोल किया।
भारतीय टीम मिले मौकों को भुना नहीं पाई
स्पेन के खिलाफ भारतीय महिला टीम पांच मैचों की सीरीज खेल रही है। इससे पहले, बुधवार को खेले गए पहले मैच में उसे स्पेन के खिलाफ 3-0 से हार का सामना करना पड़ा था। पहले क्वार्टर की समाप्ति से एक मिनट पहले 14वें मिनट में स्पेनिश खिलाड़ी बोनास्ट्रे ने गोल कर मेजबान टीम का खाता खोला। वर्ल्ड नम्बर-10 भारतीय टीम के लिए दूसरे क्वार्टर में गोल करने के कई अवसर थे, लेकिन वह इन अवसरों को भुना नहीं पाई।
मारिया ने फिर से किया अच्छे खेल का प्रदर्शन
पहले मैच में मेहमान टीम के लिए सरदर्द बनी रहीं स्पेन की गोलकीपर मारिया रुइज ने इस बार भी भारत की कोशिशों पर पानी फेरना जारी रखा। भारतीय टीम ने तीसरे क्वार्टर में किसी तरह अपने डिफेंस को मजबूत रखते हुए स्पेनिश टीम को गोल करने का मौका नहीं दिया। यहां कप्तान रानी ने गोल करने की कोशिश की, लेकिन असफल रहीं।
आखिरी समय में करनी चाहिए थी कोशिशें
चौथे क्वार्टर में कई कोशिशों के बाद आखिरकार भारतीय टीम को सफलता हाथ लगी। 54वें मिनट में अनुपा ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया। इस गोल के बाद भारतीय टीम ने फील्ड में सही खेल नहीं दिखाया , गेंद इसके बाद भारतीय पाले में टिकती ही नहीं थी फिर बाकी बचे समय तक दोनों टीमों के बीच संघर्ष जारी रहा और कोई भी गोल नहीं हो पाया। ऐसे में भारत और स्पेन के बीच खेला गया यह मैच 1-1 से ड्रॉ पर समाप्त हो गया। दोनों टीमों के बीच तीसरा मैच शुक्रवार को खेला जाएगा।
Published on:
14 Jun 2018, 4:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.