मैच के बाद भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने कहा, "हमारे अभियान की शुरुआत आसान नहीं थी। हमें वेल्स से हार मिली, लेकिन टीम की खिलाड़ियों ने अपने जज्बे को कमजोर नहीं होने दिया और अगले दो मैच जीत कर अच्छी वापसी की है।"इंग्लैंड ने इस मैच की अच्छी शुरुआत की थी। पहले ही मिनट में इंग्लैंड की कप्तान एलेक्जेंड्रा डेनसन ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दी। इसके बाद, भारतीय गोलकीपर सविता ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड की टीम की ओर से की गई दो कोशिशों को नाकाम किया। आठवें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने का अवसर मिला था, लेकिन टीम इस अवसर को भुना नहीं पाई।