3 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Asian Games 2018: कप्तान रानी रामपाल की हैट्रिक, सेमीफाइनल में पहुंचा भारत

कप्तान रानी रामपाल के हैट्रिक के दम पर भारतीय हॉकी टीम ने आज थाइलैंड को 5-0 से हराते हुए सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Prabhanshu Ranjan

•

Updated: 27 Aug 2018, 4:10 PM IST

rani rampal

Asian Games 2018: कप्तान रानी रामपाल की हैट्रिक, सेमीफाइनल में पहुंचा भारत

नई दिल्ली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के साथ-साथ महिला टीम भी इंडोनेशिया में जारी 18वें एशियाई खेलों में दमदार प्रदर्शन कर रही है। आज कप्तान रानी रामपाल की हैट्रिक के दम पर भारत ने अपना अंतिम ग्रुप मैच भी जीत लिया। भारतीय महिला टीम ने अंतिम पूल-बी मैच में थाईलैंड को 5-0 से मात दी। टीम ने अपने तीसरे मैच को जीतकर पहले ही सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।

इस मैच के चौथे मिनट में भारतीय टीम की कप्तान रानी रामपाल ने सीधा शॉट मारा था, लेकिन वह वाइड हो गया। इसके बाद इसी मिनट में भारत को पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन इसे भुनाने में भी टीम असफल रही। दीप ग्रेस एक्का ने ड्रेग फ्लिक कर शॉट मारा, जिसे थाईलैंड की गोलकीपर ने रोक लिया। आठवें मिनट में भी गोलकीपर ने लालरेमसियामी के प्रयास को भी असफल किया। इसके साथ ही पहले क्वार्टर का समापन हुआ।

दूसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमों को गोल के लिए संघर्ष करते देखा गया। 16वें मिनट में एक बार फिर कप्तान रानी को गोल करने का मौका मिला था लेकिन वह वाइड चला गया। 25वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के अवसर को भी भारतीय टीम ने गंवा दिया। इस प्रदर्शन के तहत पहले हाफ के समापन तक दोनों टीमें गोलरहित थीं।

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत के बाद अगले ही मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल का अवसर हासिल हुआ, लेकिन वह इस अवसर को भी भुनाने में असफल रही। इसके बाद, भारत को 35वें मिनट में एक बार फिर पेनाल्टी कॉर्नर मिला और इस पर कोई गलती न करते हुए भारतीय टीम ने गोल कर अपना खाता खोला। यह गोल कप्तान रानी ने किया।

चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम ने थाईलैंड के डिफेंस पर हमला करना जारी रखा और इसके परिणामस्वरूप कप्तान रानी ने 46वें मिनट में फील्ड गोल कर भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई। भारतीय टीम ने 51वें मिनट में मिले एक और पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागा। दीप ग्रेस एक्का के शॉट को थाईलैंड के डिफेंस ने रोका लेकिन मोनिका ने इसे सीधे नेट पर पहुंचाते हुए भारत को 3-0 से आगे कर दिया। नवजोत कौर ने 54वें मिनट में भारतीय टीम के लिए चौथा फील्ड गोल किया। 55वें मिनट में रानी ने भारत के लिए पांचवां गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की और टीम को 5-0 से जीत दिलाई।