
नई दिल्ली। गोल्ड कोस्ट खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। खेलों के छठे दिन भारत की मिक्स्ड डबल्स और विमेंस डबल्स टीमें स्क्वॉश में अपना-अपना मुकाबला जीत गईं हैं। मिक्स्ड डबल्स में महिला स्क्वॉश खिलाड़ी दीपिका पल्लिकल कार्तिक और सौरव घोषाल ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए गयाना के जेसन रे खलिल और मैरी फुंग ए-फाट की जोड़ी को मात दी।विमेंस डबल्स प्रतियोगिता में भारत की जोशना चिनप्पा और दीपिका पल्लीकल ने पाकिस्तान की फैजा जफर और मोदिना जफर को मात देकर अगले दौर में जगह बना ली है।
दीपिका और चिनप्पा की जोड़ी ने पाकिस्तान को हराया
विमेंस डबल्स प्रतियोगिता में भारत की जोशना चिनप्पा और दीपिका पल्लीकल ने पाकिस्तान की फैजा जफर और मोदिना जफर को मात देकर अगले दौर में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी ने पूल-सी के अपने पहले मैच में पाकिस्तान की जोड़ी को 2-1 से मात दी।दीपिका और जोशना की जोड़ी पहल गेम 10-11 से हार गई थी लेकिन इन दोनों ने अगले दो गेम 11-0, 11-1 से जीत मैच अपने नाम किया। यह मैच कुल 22 मिनट तक चला। ग्लासगो कामनवेल्थ खेलों में विमेंस डबल्स में भारतीय जोड़ी ने गोल्ड मेडल जीता था।
दीपिका और सौरव ने गयाना की टीम को मात दी
मिक्स्ड डबल्स में महिला स्क्वॉश खिलाड़ी दीपिका पल्लिकल कार्तिक और सौरव घोषाल ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए गयाना के जेसन रे खलिल और मैरी फुंग ए-फाट की जोड़ी को मात दी।दीपिका-सौरव ने इस एकतरफा मुकाबले में गयाना की जोड़ी को सीधे गेमों में केवल 13 मिनट के भीतर ही 11-3, 11-3 से मात दी। भारतीय जोड़ी दीपिका और सौरव का सामना अब पूल-ई में ही पाकिस्तान की मदीना जफर और तय्याब असलम की जोड़ी से होगा।
सिंगल्स मुकाबलों में भारत की दावेदारी खत्म हो चुकी है
भारत की जोशना चिनप्पा विमेंस सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड की जोएल किंग से हार गईं थी। चिनप्पा की हार के साथ ही स्क्वॉश के पुरुष और महिला एकल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई थी। जोएल किंग ने 34 मिनट तक चले मुकाबले में चिनप्पा को सीधे सेटों में हराया था। चिनप्पा पूरे मैच में किंग के खिलाफ जूझती नजर आईं थीं। जहां उन्होंने पहला सेट 11-5 से गंवाया वहीं दूसरे और तीसरे गेम में भी चिनप्पा वापसी नहीं कर पाई और 11-6, 11-9 से दोनों गेम हार गई।इससे पहले, दीपिका को एकल वर्ग के प्री-क्वार्टरफाइनल में शुक्रवार को वर्ल्ड रैंकिंग में 10वें पायदान पर मौजूद एलिसन वाटर्स ने हराया था।
Published on:
10 Apr 2018 12:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
