
नई दिल्ली। रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूएफआई) ने नरसिंह यादव (narsingh yadav) के सोफिया में अगले महीने होने वाले विश्व ओलंपिक क्वालीफायर के लिए नए सिरे से ट्रायल आयोजित करने के अनुरोध को ठुकरा दिया है। इसी के साथ, महाराष्ट्र के 31 वर्षीय पहलवान का आगामी टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने का सपना भी समाप्त हो गया है। 2015 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य-पदक विजेता नरसिह डोप टेस्ट में असफल होने के बाद 2016 के रियो ओलंपिक में हिस्सा लेने से चूक गए थे।
उन्हें चार साल के लिए निलंबित कर दिया गया था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण टोक्यो ओलंपिक के पुनर्निर्धारण ने उन्हें इन खेलों में भाग लेने के अपने सपने को पूरा करने का मौका दिया। अपनी वापसी पर, वह राष्ट्रीय चैंपियनशिप और घरेलू चयन ट्रायल में 74 किलोग्राम इवेंट में हार गए और एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर से चूक गए।
6 से 9 मई तक सोफिया में होने वाले विश्व ओलंपिक क्वालीफायर के लिए, डब्ल्यूएफआई ने 74 किलोग्राम समूह के लिए अमित धनखड़ का चयन किया है। धनखड़ संदीप सिंह मान की जगह लेंगे, जो हाल ही में अलमाटी में आयोजित एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर और एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके थे। भारत ने पुरुष वर्ग में टोक्यो ओलंपिक के लिए तीन बर्थ हासिल की हैं। रवि दहिया (57 किग्रा), बजरंग पुनिया (65 किग्रा) और दीपक पुनिया (86 किग्रा) को 2019 की योग्यता अवधि में कोटा स्थान मिला था।
Published on:
25 Apr 2021, 12:48 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.