
जेरेमी लालरिननुगा ने रच दिया इतिहास, यूथ ओलम्पिक में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट
नई दिल्ली।weightlifter जेरेमी लालरिननुगा ने अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में चल रहे यूथ ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक जीत कर इतिहास रच दिया है। वह यूथ ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के पहले एथलीट बन गए हैं। मिजोरम के आइजोल से आने वाले 15 वर्षीय जेरेमी ने 62 किलोग्राम भारवर्ग की वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में यह कीर्तिमान रचा। उन्होंने कुल 274 किलो (124 किलोग्राम +150 किलोग्राम) वजन उठाकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इससे पहले जेरेमी वर्ल्ड यूथ रजत पदक विजेता भी रह चुके हैं। यह भारत का इन खेलों में चौथा पदक है।
इन तीनों के नाम रहे पदक-
जेरेमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्लीन ऐंड जर्क के अपने आखिरी प्रयास में 150 किलोग्राम वजन उठाया। साथ ही उन्होंने स्नैच में 124 किलोग्राम का भर उठाकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। तुर्की के तोपटास कानेर ने 263 किलो(122 किग्रा+144 किग्रा) वजन उठाकर रजत पदक पर कब्जा जमाया। कोलंबिया के विलार एस्टिवन जोस ने 260 किलोग्राम (115 किग्रा+143किग्रा) वजन उठाकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
भविष्य का सितारा माने जा रहे जेरेमी-
मिजोरम का रहने वाला यह लड़का 26 अक्टूबर को 16 साल का हो जाएगा। ऐसे किशोर अवस्था में कमाल करने वाले जेरेमी से भारत को आने-वाले समय में बहुत उम्मीदें हैं। उनको भविष्य का बड़ा खिलाड़ी माना जा रहा है। इससे पहले जेरेमी यूथ एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके हैं। इस अंतराल में उनके नाम दो नेशनल रिकॉर्ड भी रहे हैं।
यूथ ओलम्पिक में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन-
इस स्वर्ण पदक के साथ भारत का यह यूथ ओलम्पिक खेलों में अब तक का सबसे बढ़ियां प्रदर्शन है। जेरेमी का यह पदक इस यूथ ओलम्पिक का चौथा पदक है इससे पहले भारत 3 रजत पदक पर कब्जा जमा चुका है। मेहुली घोष और तुषार माने ने शूटिंग में दो रजत पदक जीते है वहीं एक रजत पदक तबाबी देवी ने जुडो में जीता है। भारत ने 2014 नानजिंग यूथ ओलम्पिक में एक रजत और एक कांस्य पदक जीता था, जबकि 2010 सिंगापूर यूथ ओलम्पिक में वह 6 रजत व 2 कांस्य पदक जीत सका था।
Published on:
09 Oct 2018 12:49 pm
