
Pakistan: wearing masks in public places mandatory
इस्लामाबाद। पाकिस्तान ( coronavirus in Pakistan ) में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। यही कारण है कि सरकार ने सभी भीड़ वाले स्थानों, बाजारों और सार्वजनिक परिवहन में मास्क ( mask ) पहनना अनिवार्य कर दिया है। डॉन न्यूज ने शनिवार को प्रधानमंत्री के विशेष सहायक जफर मिर्जा का हवाला देते हुए कहा, ‘92 प्रतिशत मामलें स्थानीय प्रसारण के माध्यम से फैल रहे हैं, इसलिए हमने, बाजारों, शॉपिंग मॉल, सार्वजनिक परिवहन, वाणिज्यिक उड़ानों, ट्रेनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों में अनिवार्य रूप से मास्क उपयोग करने की घोषणा की है।’
विदेशों में फंसे पाकिस्तानियों को वापस लाने के बारे में बात करते हुए प्रधानमंत्री के विशेष सहायक, राष्ट्रीय सुरक्षा विभाग के मोइद यूसुफ ने कहा, 'हम रोजाना 1,000 पाकिस्तानियों को वापस ला रहे थे, लेकिन अब हमने 2,000 पाकिस्तानी लाने का निर्णय किया है। एक जून से 10 जून तक 20,000 फंसे हुए पाकिस्तानियों को वापस लाया जाएगा।’
उन्होंने कहा कि अब तक 50 से अधिक देशों में फंसे लगभग 33,000 पाकिस्तानियों को लाया जा चुका है। नियमित उड़ान संचालन को फिर से बहाल करने के बारे में बात करते हुए, उन्होंने कहा कि केवल पाकिस्तान से अन्य देशों के लिए उड़ानों की अनुमति दी गई है।
भारत और चीन सीमाएं बंद
डॉन न्यूज के रिपोर्ट के अनुसार, यूसुफ ने कहा कि चीन और भारत की सीमाएं बंद रहेंगी, हालांकि कुछ सौ पाकिस्तानियों को तीन दिनों के अंतरालों में भारत से लौटने की अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा, 'अफगान ट्रांजिट ट्रेड के समझौते के अनुसार, सामानों को अफगानिस्तान भेजा जा रहा है। नाटो की आपूर्ति भी वहां हो रही है।
तोरखम और चमन सीमाओं से प्रतिदिन लगभग 250 ट्रकों को जाने की अनुमति दी जा रही है। इसके अलावा, सप्ताह में एक बार में 500 पाकिस्तानी लोगों को तोरखम और 300 पाकिस्तानी को चमन सीमा से लौटने की अनुमति है।’ यूसुफ ने कहा कि पाकिस्तान में रह रहे अफगान नागरिकों के अपने देश लौटने पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
केंद्रीय मंत्री कोरोना पॉजिटिव
पाकिस्तान के मिनिस्टर फॉर स्टेट्स एंड फ्रंटियर रीजंस (सेफ्रॉन) और नारकोटिक्स कंट्रोल शहरयार अफरीदी का कोरोना वायरस परीक्षण पॉजिटिव आया है। उन्होंने ट्विटर पर इस बात की जानकारी दी।
डॉन न्यूज ने शनिवार को ट्वीट में मंत्री के हवाले से बताया, 'मेरा कोविड-19 का परीक्षण पॉजिटिव आया है और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार घर पर खुद को आइसोलेट कर लिया है।’ उनकी यह घोषणा सिंध के गवर्नर इमरान इस्माइल और नेशनल असेंबली के स्पीकर असद कैसर के कोरोना पॉजिटिव होने के कुछ सप्ताह बाद आई है। दोनों अधिकारी अब ठीक हो चुके हैं।
सिंध के शिक्षा मंत्री सईद गनी मार्च में वायरस से संक्रमित होने के बाद खुद आइसोलेशन में चले गए थे, वे भी ठीक हो गए हैं और उन्होंने अफरीदी के लिए 'जल्द ठीक होने' का संदेश ट्वीट किया है। देश में कोरोना वायरस मामलों की संख्या 70,381 हो गई है, जबकि 1,499 लोगों की इस वायरस के चपेट में आने से मौत हो गई है।
Published on:
31 May 2020 07:17 pm
बड़ी खबरें
View Allपाकिस्तान
विदेश
ट्रेंडिंग
