
पाली/सेवाड़ी/बाली। पाली जिले के बाली थाना क्षेत्र के पीपला गांव के निकट 9वीं कक्षा के आदिवासी छात्र की आपसी कहासुनी में हत्या कर दी गई। इससे मृतक के आदिवासी परिजन भड़क गए। उन्होंने पीपला गांव में आरोपियों के घरों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इससे माहौल गरमा गया। आदिवासियों ने शव उठाने से इनकार कर दिया। शव सेवाड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, परिजन मौताणा मांग रहे हैं। बुधवार को दिनभर पुलिस व प्रशासन ने समझाइश का प्रयास किया, लेकिन परिजन नहीं माने। गांव में सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
छात्र की हत्या के समाचार सुन गुस्साएं आदिवासी
पुलिस व प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीपला गांव निवासी दियालाराम पुत्र उमाजी गरासिया का पन्द्रह वर्षीय पुत्र करण गरासिया सेवाड़ी के समाज कल्याण छात्रावास में 9वीं कक्षा में पढ़ता था। पीपला गांव के निकट तीन दिन से गणगौर का मेला चल रहा है। मंगलवार को छात्र करण पीपला के नाडा फली आया हुआ था। रात को पीपला हाई स्कूल कर पास छात्र व उसके साथियों में झगड़ा हो गया।
इस दौरान साथियों ने करण से मारपीट की। इससे करण गंभीर घायल हो गया, उसे शिवगंज अस्पताल ले गए, जहां से सिरोही रैफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में उसका दम टूट गया। छात्र की हत्या की खबर से उसके आदिवासी परिजन भड़क गए। उन्होंने आरोपियों के पीपला गांव स्थित घरों में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। उनके परिवारों पर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें : तालाब में गिरी निजी बस, एक की मौत, 40 से ज्यादा यात्री घायल
समझाइश के बाद भी नहीं माने
पीपला गांव में माहौल गरमा गया। सूचना पर पुलिस उप अधीक्षक बाली अचलसिंह देवड़ा, बाली थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह, सेवाड़ी चौकी प्रभारी तेजसिंह, महेंद्रसिंह, मुरारीलाल, रूपसिंह मीना, देवाराम सहित पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात संभाले। शव सेवाड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। इधर, मृतक के परिजनों ने मौताणे की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। दिनभर परिजनों से समझाइश का दौर चला, लेकिन परिजन नहीं माने।
Updated on:
5 Apr 2023, 8:56 PM IST
Published on:
5 Apr 2023, 8:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.