
Snake Bite Woman Dies After Being Bitten in Courtyard, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर (Source-Chatgpt)
Panna Snake Bite: मध्यप्रदेश के पन्ना के सारंगपुर गांव में बुधवार की सुबह हुई एक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। यहां एक महिला को घर के आंगन में सांप ने डस लिया। परिजन तुरंत महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला मायके में हो रहे रामधुन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आई थी और मायके में ही महिला की मौत होने से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
रमगढ़ा गांव की रहने वाली 57 वर्षीय हक्की बाई का सारंगपुर गांव में मायका था। मायके में रामधुन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था और इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हक्की बाई अपने मायके आई हुई थी। बुधवार की सुबह करीब 10 बजे हक्की बाई घर के आंगन में बैठकर मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। हक्की बाई बात करने में इस तरह खोई हुई थी कि उसे पता नहीं चला कि कब सांप रेंगते हुए उसके पास पहुंच गया।
मोबाइल पर बात करते समय हक्की बाई को सांप ने डस लिया। सांप के डसते ही हक्की बाई ने परिजनों को मदद के लिए आवाज दी। परिजन भागकर आंगन में पहुंचे तो उन्हें सांप नजर आया। परिजन बिना देर किए हक्की बाई को निजी वाहन से सीएचसी शाहनगर लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद हक्की बाई को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सांप के काटने से हक्की बाई की मौत होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद शव बुधवार को ही परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजन शव को अपने साथ गांव लाए और उसका अंतिम संस्कार किया।
बता दें कि बारिश का सीजन शुरू हो चुका है और बारिश के साथ ही सांपों का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश होने से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है जिसके कारण सांप अपने बिलों से निकलकर लोगों के घरों या फिर किसी सुरक्षित स्थान में घुस जाते हैं। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद आवश्यक होता है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही आपकी जान ले सकती है। सांप के काटने पर कुछ बातों को याद रखने से किसी की भी जान बचाई जा सकती है। इसको लेकर जागरूक होना बेहद जरूरी है।
Updated on:
09 Sept 2026 05:13 pm
Published on:
09 Sept 2026 05:12 pm
