(पटना): बिहार विधानसभा चुनावों में आरजेडी और कांग्रेस के साथ जदयू का महागठबंधन बनाकर भाजपा को शिकस्त देते हुए नीतीश कुमार की पुनः ताजपोशी के सूत्रधार माने जाने वाले चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की जदयू में इंट्री के साथ बिहार की राजनीति में गरमाहट आ गई है। प्रशांत किशोर ने चुनाव के दौरान 'बिहार में बहार है, नीतीशे कुमार है' नारा देकर सुर्खियां हासिल की थीं। किशोर की जदयू में एंट्री के दूसरे ही दिन सोमवार को नीतीश कुमार तीन दिनों की यात्रा पर नई दिल्ली रवाना हो गए। सूत्रों के अनुसार वह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से भी मुलाकात करने वाले हैं। रविवार को सीएम ने कहा था कि एनडीए में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तैयार है। समय पर इसकी घोषणा कर दी जाएगी। माना जा रहा है कि नीतीश अमित शाह से मिलकर सीट शेयरिंग को अंतिम रुप देने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार के भी संकेत दिए थे। सूबे में अभी मंत्रियों के कई पद खाली हैं। राज्य में संख्याबल के हिसाब से 36 मंत्री बनेंगे, जबकि अभी जदयू के पंद्रह और भाजपा के बारह मंत्री हैं।