इस बीच शेल्टर होम की दोनों महिलाओं की मौत के मामले में रहस्य गहरा गया है। दोनों महिलाओं को अस्पताल के रजिस्टर में भर्ती कराने का समय रात 9.26 बजे का दर्ज किया गया है जबकि पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ राजीव रंजन प्रसाद का दावा है कि दोनों महिलाओं को जब एनजीओ की कर्मचारी बेबी कुमार सिंह अस्पताल लेकर पहुंची तब उनकी मौत हो चुकी थी। मेडिकल इमर्जेंसी में ड्यूटी डॉक्टर संजय कुमार ने रिपोर्ट में दोनों को मृत लाया गया बताया था। दोनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण का खुलासा नहीं हुआ है। शरीर पर बाहरी चोट भी नहीं बताई गई है। जिस समय पोस्टमॉर्टम हुआ उस वक्त पीएमसीएच में दो दारोगा और एक मजिस्ट्रेट तैनात थे। सवाल यह उठ रहा है कि दोनों दरोगा ने थानाध्यक्ष को सूचना क्यों नहीं दी। संचालिका मनीषा दयाल ने भी पुलिस को बयान देकर उलझा दिया है। उसने बताया कि शुक्रवार को हम साढ़े चार बजे होम पहुंचे और बीमार संवासिनियों को पांच बजे पीएमसीएच लेकर पहुंचे। सवाल है कि जब अस्पताल में लाने का दर्ज समय रात 7.26 बजे का है तो पांच घंटे तक ये संवासिनें कहां थीं। उधर, शेल्टर होम में कुल 74 संवासिनें हैं। इनमें बारह को छोड़ बाकी मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं। पुलिस ने शुक्रवार सुबह से ही पूछताछ शुरु की लेकिन शाम तक दो की मौत हो गई। दोनों की मौत में नौ मिनट का अंतर बताया गया है।