18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

विपिन सर का नया दावा- खान सर ने जिसे अफसर बताया, वो निकला MR; व्यूज के लिए बिहार को किया बदनाम

Vipin Sir allegations on Khan Sir: विपिन सर ने खान सर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने खान सर पर एक नकली अधिकारी को पेश करने, परीक्षा परिणामों के बारे में दावे करने और छात्रों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। 

3 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Jun 18, 2026

vipin sir statement on khan sir coaching fees

विपिन सर और खान सर

Vipin Sir on Khan Sir: पटना के दो मशहूर टीचर खान सर (खान ग्लोबल स्टडीज) और रोशन आनंद (ज्ञान बिंदु GS एकेडमी) के बीच चल रही वर्चस्व की लड़ाई के बीच, 'मैथ मस्ती' कोचिंग के हेड विपिन यादव भी चर्चा में हैं। आए दिन वो खान सर की आलोचना करते हुए वीडियो जारी कर रहे हैं या बयान दे रहे हैं। इसी क्रम में उनका एक और वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में विपिन सर ने खान सर पर आरोप लगाया है कि वे फर्जी टॉपर्स दिखाकर करोड़ों रुपये वसूलते हैं, नए बैच बेचने के लिए रिजल्ट खरीदते हैं और TRP व व्यूज के लिए नेशनल चैनलों पर बिहार को बदनाम करते हैं।

MR को बना दिया इनकम टैक्स ऑफिसर

अपने वीडियो में विपिन सर ने खान सर के क्लासरूम का एक वीडियो क्लिप दिखाया। क्लिप में खान सर सोमनाथ तिवारी नाम के एक युवक को मंच पर बुलाते हैं, उसे मिठाई खिलाते हैं और भीड़ की तालियों के बीच उसे इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का एक दमदार अधिकारी बताते हैं। इस वीडियो को लेकर विपिन सर ने कहा, "खान सर, मेरी आपसे कोई निजी दुश्मनी नहीं है और न ही जमीन-जायदाद को लेकर हमारा कोई विवाद है। लेकिन आपने जो नकली इनकम टैक्स ऑफिसर का नाटक रचा था, उसका पर्दाफाश करना जरूरी था। जिस लड़के को आपने इनकम टैक्स ऑफिसर बताकर पेश किया, वह असल में 'मैनकाइंड' कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) है।"

विपिन सर ने आगे कहा कि चूंकि सोमनाथ फॉर्मल ट्राउजर और शर्ट पहनते हैं, तो खान सर ने सोचा होगा कि चलो उसे स्टेज पर बुलाते हैं छात्र सोचेंगे कि देखो कितना सभ्य और अच्छे व्यवहार वाला छात्र अफसर बन गया है। इस कहानी की सच्चाई साबित करने के लिए विपिन सर ने सोमनाथ तिवारी का पूरा पता भी सार्वजनिक कर दिया। सोमनाथ झारखंड के देवघर ज़िले के चिकधनिया गांव के रहने वाले हैं।

फेक RO वाला वीडियो प्राइवेट कर दिया गया

विपिन सर ने कहा "इससे पहले, आपने अपने चैनल पर एक फेक RO (रेवेन्यू ऑफ़िसर) का वीडियो अपलोड किया था। वह युवक कोई ऑफ़िसर नहीं था, बल्कि एक आम प्राइवेट कंप्यूटर डेटा एंट्री ऑपरेटर था। जब मैंने सच्चाई का पर्दाफ़ाश किया, तो आप घबरा गए और उस वीडियो को अपने चैनल पर 'प्राइवेट' कर दिया। लेकिन चिंता न करें, इस बार इनकम टैक्स से जुड़े वीडियो को डिलीट करने से कोई फायदा नहीं होगा, क्योंकि मैंने उसे पहले ही डाउनलोड कर लिया है।"

विपिन सर ने आरोप लगाया कि सफलता की कहानियां दूर-दूर से जुटाई जाती हैं। जब कोई बाहरी व्यक्ति आकर यह दावा करता है कि वह खान सर के यहां का पूर्व छात्र है और अब अधिकारी बन गया है, तो खान सर तुरंत उसे मंच पर बुलाते हैं और घोषणा करते हैं, 'देखिए, इसने यहीं पढ़ाई की और इनकम टैक्स ऑफिसर बना। आपको भी अगला बैच खरीदना चाहिए, एक नया बैच आने वाला है।'

विपिन सर ने आरोप लगाया कि खान सर की टीम के पास पहले से ही एक स्क्रिप्ट तैयार रहती है। जैसे ही खान सर ऑनलाइन क्लास के दौरान '16 + 2 = 18' जैसी कोई आसान बात समझाते हैं, तो पहले से तय स्टाफ का कोई सदस्य एक फर्जी अधिकारी को सीन में ले आता है। छात्र भावनाओं में बहकर तालियां बजाते हैं और इससे नए एडमिशन की बाढ़ आ जाती है।

टीवी पर खान सर द्वारा सुनाई गई कहानियों को बताया बिजनेस स्टंट

विपिन सर ने खान सर द्वारा नेशनल टेलीविजन पर सुनाई जाने वाली कहानियों को लेकर भी हमला किया। अमिताभ बच्चन के शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC), 'द कपिल शर्मा शो' और पत्रकार शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में शामिल होने का ज़िक्र करते हुए, विपिन सर ने कहा कि खान सर ने खुद को मसीहा और दूसरों को माफिया दिखाने की कोशिश में बिहार को बदनाम किया है। विपिन सर ने कहा कि खान सर KBC में अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर दावा करते हैं कि एजुकेशन माफिया ने उन पर बम फेंका क्योंकि उनकी फीस बहुत कम है।

विपिन सर ने कहा कि कपिल शर्मा और शुभंकर मिश्रा के शो में जाकर खान सर झूठ बोलते हैं कि उन पर आठ-दस बम फेंके गए। अगर यह सच होता, तो आज तक उन्होंने किसी एक भी एजुकेशन माफिया का नाम क्यों नहीं लिया? असलियत यह है कि हॉस्टल के छात्रों और चंदा मांगने वालों के बीच हुई मामूली झड़प के दौरान एक-दो बम चले थे, लेकिन छात्रों की सहानुभूति पाने और उन्हें अपनी क्लास की ओर खींचने के लिए इसे इंटरनेशनल लेवल पर बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया। अपने बिज़नेस और व्यूज़ के लिए खान सर ने बिहार की पूरी एजुकेशन सिस्टम की बदनामी कराई है।

करोड़ों खर्च कर PR टीम रखते हैं खान सर

विपिन सर ने कहा कि खान सर घमंड में चूर हो गए हैं और अपने खिलाफ उठने वाली सच की आवाज को दबाने के लिए करोड़ों रुपये की PR टीम का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "खान सर, आज अपनी PR टीम को एक कमरे में बुलाइए और उनसे पूछिए कि करोड़ों रुपये लेने के बावजूद वे आपके झूठ को छिपाने में नाकाम क्यों रहे। जब भी आपके साथी मेरे खिलाफ बोलते हैं, तो मुझे मजबूरन नया सबूत लेकर जनता के सामने आना पड़ता है। मुझे आपके भोलेपन का शिकार होने वाले मासूम छात्रों पर तरस आता है।"