Self Employed Woman: कभी घर की चारदीवारी और परिवार की जिम्मेदारियों तक सीमित रहने वाली बस्तर की महिलाएं अब रोजगार के ऐसे क्षेत्रों में भी कदम बढ़ा रही हैं, जिन्हें लंबे समय तक पुरुषों का क्षेत्र माना जाता रहा है। इसकी प्रेरक मिसाल बारसूर की गृहिणी नील कुमारी नाग हैं। परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ उन्होंने चार पहिया वाहन की स्टेयरिंग थामी और ड्राइविंग को अपने लिए स्वरोजगार का जरिया बनाया। आज वे न केवल खुद वाहन चलाती हैं, बल्कि बस्तर के दूरस्थ इलाकों से लेकर दूसरे राज्यों तक बुकिंग पर वाहन लेकर जाती हैं। पिछले चार वर्षों में उन्होंने वाहन चलाकर तीन लाख रुपए से अधिक की अतिरिक्त आय अर्जित की है।