
पिछले मैच में बल्ले से आग उगलने वाले रोहित शर्मा तीसरे वनडे मैच में श्रीलंका के खिलाफ उतरेंगे तो उनकी नजरों में कप्तान के तौर पर पहली सीरीज जीतने पर होंगी। भारत अपने घर में अक्टूबर 2015 के बाद से कोई भी वनडे सीरीज नहीं हारा है। ऐसे में वह अपने इसी विजयी क्रम को जारी रखना चाहेगा।

इस मैदान पर उसका रिकार्ड भी अच्छा रहा है। भारत ने यहां सात मैच खेले हैं तो एक में जीत हासिल की है। श्रीलंका को उसे हराने के लिए अपनी शीर्ष फॉर्म का प्रदर्शन करना होगा।

वनडे रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज भारत रोहित की आगुआई में उतरेगी। उसकी बल्लेबाजी का दारोमदार भी रोहित के कंधों पर होगा। पहले मैच में नाजुक स्थिति में अर्धशतक जड़ने वाले महेंद्र सिंह धौनी पर भी बड़ी जिम्मेदारी होगी।

इस मैदान का धौनी के साथ खासा नाता है। धौनी ने अपने वनडे करियर का पहला शतक इसी मैदान पर 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ लगाया था। धौनी ने उस मैच में 148 रनों की पारी खेली थी।

गेंदबाजी में भारत भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह के ऊपर निर्भर रहेगी। वहीं स्पिन में युजवेंद्र चहल के ऊपर जिम्मेदारी होगी। रोहित, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर में से किसे टीम में जगह देते हैं यह देखना होगा।

वैसे तो अजिंक्य रहाणे को अभी तक खेलने का मौका नहीं मिला है, लेकिन अभ्यास में रहने ने जैम कर पसीना बहाया है। मौका मिलते ही रहाणे वापस लय में आने की कोशिश करेंगे। दिनेश कार्तिक, मनीष पांडे को पहले मैच में ही बल्लेबाजी का मौका मिला था। यह दोनों भी अपने बल्ले की जंग को दूर करना चाहेंगे।
