
VIDEO विधायक ने छीना वीडियो बना रहे सरदार का मोबाइल, इसके बाद विधायक को उल्टे पांव भागना पड़ा
पीलीभीत। भाजपा से सदर विधायक संजय सिंह गंगवार का दो दिन पुराना एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में विधायक की सिख समुदाय के लोगों से कहासुनी हो रही है जिसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि विधायक और जनता के बीच तू-तू मैं मैं शुरू हो गयी। इतना ही नहीं जब एक ग्रामीण ने इसकी पूरी वीडियो बनायी तो विधायक ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया, जिसके बाद विवाद बढ़ता गया। दोनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुयी और मजबूरन भाजपा विधायक को वापस जाना पड़ा। वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा विधायक की खासी फजीहत हो रही है। विधायक की शिकायत पर न्यूरिया पुलिस ने दो लोगों पकड़ा था लेकिन बीते दिन देर शाम सख्त हिदायत देकर दोनों को छोड़ दिया गया।
विधायक और ग्रामीणों को बीच बहसबाजी
पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र के पीलीभीत-मझोला मार्ग पर रामपुर बौरख चौराहे पर बीते मंगलवार को एक अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से कई स्कूली बच्चे घायल हो गये थे। हादसे में बच्चों के काफी चोटे आयी थी जिसके बाद परिजनों ने इस चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की थी। हालाकिं यह काम निमार्ण विभाग का था लेकिन परिजनों ने अपने बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से यहां स्वंय ही स्पीड ब्रेकर बनवा दिया और रास्ता रोककर ब्रेकर की सुरक्षा करने लगे। तभी इत्तेफाक से वहां से भाजपा से सदर विधायक संजय गंगवार अपनी कार से निकल रहे थे तो ग्रामीणों ने उन्हें ब्रेकर के ऊपर से निकलने से रोका। इसके बाद विधायक ने कहा कि हम बनवा देगें जिसके बाद दोनों के बीच गहमा-गहमी का माहोल बन गया।
एक ग्रामीण को पुलिस ने पकड़ा, बाद में छोड़ दिया
विधायक ने जब अपना रूतबा दिखाया तो बात इतनी बढ़ गयी कि उत्तेजित परिजनों ने विधायक को खूब सुनायी और उन्हें जनता का सेवक बताया। इसी बीच किसी एक परिजन ने अपने मोबाइल से वीडियो बनानी शुरू कर दी। वीडियो बनाता देख विधायक को बर्दाश्त नहीं हुआ और उन्होंने परिजन के हाथ से मोबाइल छीन लिया जिसके बाद वहां मौजूद सभी ने विधायक और उनके गनर को घेर लिया और अपना मोबाइल वापस लिया। विधायक भी अपनी फजीहत होती देख वहां से अपनी कार वापस मोड़कर चले गये। पूरी घटना के बाद विधायक की मौखिक शिकायत पर न्यूरिया पुलिस दो ग्रामीणों को पकड़कर थाने ले आयी और बीते दिन देर रात दोनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और अब विधायक के जनता के साथ ऐसे व्यवहार करने पर काफी फजीहत हो रही है। पूरे मामले में जब विधायक संजय सिंह गंगवार से फोनवार्ता हुयी तो वो बोले कि उन्होंने तो बस गांव वालों को समझाने का प्रयास किया था कि ब्रेकर बनवाने का काम सरकार का है, वही लोग बदतमीजी करने लगे।
Updated on:
21 Sep 2018, 6:48 PM IST
Published on:
21 Sep 2018, 4:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.