नई दिल्ली। भाजपा का उदारवाजी चेहरा माने जाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का गुरुवार को निधन हो गया। वह 93 साल के थे। वाजपेयी लंबे समय से बीमार चल रहे थे, जिसके चलते उनको एम्स में भर्ती कराया गया था। पिछले माह कई बार ऐसा हुआ जब वाजपेयी की हाल बिगड़ी और उन्होंने वापसी की। लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनकी हालत काफी नाजुक चल रही थी और उनको जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था। वह वाजपेयी ही थी, जिन्होंने 90 के दशक में केंद्र में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाई देश के प्रधानमंत्री बने। अटल के बाद उनके कई अनसुने किस्से सामने आ रहे हैं। एक ऐसा ही किस्सा 1995 में उस समय का है, जब गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला था। तब शंकर सिंह वाघेला और नरेंद्र मोदी को दरकिनार कर केशुभाई पटेल को सीएम बनाया गया था।